होम्योपैथी शिविर में बच्चों का परीक्षण, विटामिन डी की कमी पाई गई
आगरा। विश्व होम्योपैथी दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को जर्मन होम्यो मेडी सेंटर के तत्वावधान में एलेनहाउस पब्लिक स्कूल, आगरा में एक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 250 से अधिक बच्चों और उनके परिवारजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया।
विश्व होम्योपैथी दिवस पर जर्मन होम्यो मेडी सेंटर ने किया स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
-250 से अधिक बच्चों और परिवारों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, कैल्शियम की कमी भी पाई गई
शिविर के दौरान किए गए परीक्षणों में यह पाया गया कि कैल्शियम और विटामिन डी की कमी बच्चों में व्यापक रूप से देखी जा रही है, जो उनके शारीरिक विकास में अवरोध पैदा कर सकती है। इसके अतिरिक्त, हाइजीन (स्वच्छता) भी एक प्रमुख चुनौती के रूप में सामने आई, विशेष रूप से छोटे बच्चों में।
होम्योपैथी के जनक को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत में श्वाबे इंडिया की टीम और उपस्थित डॉक्टरों द्वारा होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के जनक डॉ. सैमुएल हेनीमन को माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शिविल में डॉ. अनिल गौतम, श्रीमती गुरलीन कौर, डॉ. दिशा गौतम, डॉ. नकुल गौतम, एकल गौतम और श्वाबे इंडिया की विशिष्ट टीम के सदस्य मौजूद रहे।
महिलाओं और बच्चियों को दी गई विशेष जानकारी
डॉ. दिशा गौतम द्वारा विशेष रूप से मेंस्ट्रुअल हाइजीन, नेल एंड हेयर केयर, एवं दैनिक स्वच्छता से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं। बच्चियों को न केवल शिक्षित किया गया, बल्कि उन्हें नि:शुल्क दवाइयाँ भी प्रदान की गईं।
इस अवसर पर स्कूल स्टाफ और स्थानीय निवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और किशोरों में पोषण की कमी को चिन्हित करना, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, होम्योपैथी चिकित्सा के प्रति समाज में विश्वास और समझ को बढ़ावा देना और सामाजिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान देना था।