चौ. महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती पर आगरा से किसानों के हक की हुंकार, अनाप-शनाप बिजली बिल और भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आर-पार का संकल्प
आगरा। भारतीय किसान यूनियन ने महात्मा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती पर किसानों और मजदूरों के सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। मंगलवार को गायत्री गोपाल गार्डन, बमरौली कटारा, फतेहाबाद रोड पर आयोजित कार्यक्रम में हवन-पूजन कर टिकैत के विचारों और संघर्ष को याद किया गया। संगठन ने आगरा में टोरेंट पावर द्वारा किसानों पर लगाए जा रहे अनाप-शनाप विद्युत बिलों और भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मामलों के समाधान की मांग उठाई।
कार्यक्रम का आयोजन भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के नेतृत्व में किया गया। मुख्य अतिथि भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद विधि-विधान से हवन-पूजन और मंत्रोच्चारण किया गया।
मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर ने कहा कि महात्मा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत एक दिव्य आत्मा थे, जिन्होंने देश के किसानों और मजदूरों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में लगा दिया। उनके विचार और संघर्ष आज भी किसान आंदोलन के लिए प्रेरणा हैं। देश को उनके बताए मार्ग और पदचिह्नों पर चलने की आवश्यकता है।
रणवीर सिंह चाहर और जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने संयुक्त रूप से कहा कि महात्मा टिकैत के पदचिह्नों पर चलते हुए भारतीय किसान यूनियन किसानों और मजदूरों के सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि आगरा में किसानों पर टोरेंट पावर द्वारा लगाए जा रहे अनाप-शनाप विद्युत बिलों का मामला गंभीर है और इसका समाधान कराया जाना आवश्यक है। भूमि अधिग्रहण से जुड़े किसानों के लंबित मामलों का भी तत्काल समाधान होना चाहिए। किसानों को उनका हक और न्याय मिलने तक भारतीय किसान यूनियन संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि महात्मा टिकैत की जयंती केवल स्मरण करने का दिन नहीं, बल्कि उनके विचारों को जीवन और संघर्ष में उतारने का संकल्प लेने का दिन है। किसान, मजदूर, गांव, जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन पूरी मजबूती से संघर्ष करेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता तांती राम जादौन, जिला प्रमुख महासचिव कृपाल सिंह फौजदार, युवा प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष विपिन यादव, जिला महासचिव सत्यवीर सिंह चाहर, प्रदेश प्रचार मंत्री गिर्राज सिंह नौहवार, नवनियुक्त तहसील अध्यक्ष एत्मादपुर प्रकाश कुमार, नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ राधा नौहवार, किशनवीर सिंह, रविंद्र सिंह, तहसील अध्यक्ष किरावली अर्जुन सिंह छोकर, तहसील अध्यक्ष सदर रणजीत सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष रणजीत सिंह रघुवंशी, सुधीर कुलश्रेष्ठ, जिला सचिव राजवीर सिंह, दरोगा, ब्लॉक अध्यक्ष बरौली अहीर हरेंद्र सिंह जसावत, अंशुल सिंह, जयकिशन कटारा, चंद्र भान सिंह यादव, दाताराम यादव सहित भारतीय किसान यूनियन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।