हाथरस से सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले अब धर्मनगरी की बात कर रहे हैं, अखिलेश राम लला के दर्शन करें सदबुद्धि आ जाएगी, सपा प्रमुख को श्रीकृष्ण जन्मभूमि की बात करने की चुनौती, 548 करोड़ की 143 परियोजनाओं की दी सौगात

हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस के सलेमपुर औद्योगिक आस्थान में आयोजित जनसभा से विकास योजनाओं की सौगात देने के साथ-साथ विपक्ष पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, कांवड़ यात्रा पर रोक लगी और जन्माष्टमी के आयोजन तक प्रभावित किए गए, वे अब धर्मनगरी बनाने की बातें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जिले के लिए 548 करोड़ रुपये लागत की 143 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया तथा कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास और किसान हितैषी योजनाओं को सरकार की प्राथमिकता बताया।

Jun 28, 2026 - 13:36
 0
हाथरस से सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले अब धर्मनगरी की बात कर रहे हैं, अखिलेश राम लला के दर्शन करें सदबुद्धि आ जाएगी, सपा प्रमुख को श्रीकृष्ण जन्मभूमि की बात करने की चुनौती, 548 करोड़ की 143 परियोजनाओं की दी सौगात
हाथरस के सलेमपुर औद्योगिक आस्थान में रविवार को जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया और बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया।

धार्मिक उद्घोष से शुरू किया संबोधन

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत "सियावर रामचंद्र भगवान की जय", "पवनसुत हनुमान की जय", "कृष्ण कन्हैया की जय", "बलदाऊजी महाराज की जय" और "बांके बिहारी जी की जय" के उद्घोष के साथ की। उन्होंने प्रसिद्ध हास्य कवि काका हाथरसी का स्मरण करते हुए हाथरस की हींग की देश-विदेश में पहचान का भी उल्लेख किया।

अखिलेश यादव पर सीधा हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव का बयान पढ़ा, जिसमें धर्मनगरी बनाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गईं, कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई गई और जेलों तथा थानों में जन्माष्टमी के आयोजन बंद करा दिए गए, वे अब धार्मिक आस्था की बात कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार में धन का उपयोग कब्रिस्तानों की बाउंड्री के लिए किया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार मंदिरों के विकास और धार्मिक स्थलों के संरक्षण का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या अब किसी की पहचान की मोहताज नहीं है और राम मंदिर का भव्य स्वरूप पूरी दुनिया देख रही है।

कृष्ण जन्मभूमि पर भी खुलकर बोलने की चुनौती

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि वे रामलला के दर्शन करें, उन्हें सदबुद्धि आ जाएगी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के विषय पर भी स्पष्ट रूप से अपनी राय रखें। उन्होंने कहा कि कृष्ण जन्मभूमि को सम्मान दिलाने के लिए भी अभियान चलना चाहिए, लेकिन विपक्ष इस विषय पर बोलने का साहस नहीं दिखा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उस समय संविधान का गला घोंटने का काम किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी आज कांग्रेस के उसी राजनीतिक एजेंडे की भागीदार बन रही है।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान तत्कालीन सरकार ने अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, राजनारायण, मुलायम सिंह यादव, लालू प्रसाद यादव और कल्याण सिंह सहित अनेक विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया था ताकि वे जनता के बीच न जा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस मुलायम सिंह यादव को कांग्रेस सरकार ने अपमानित किया, आज उसी कांग्रेस के साथ खड़े होकर समाजवादी पार्टी उनके राजनीतिक संघर्ष का भी अपमान कर रही है।

सैफई मॉडल' बनाम '75 जिलों का विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में विकास केवल सैफई तक सीमित था, जबकि वर्तमान डबल इंजन सरकार प्रदेश के सभी 75 जिलों के समान विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तुष्टीकरण की राजनीति को पूरी तरह समाप्त कर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

बस स्टैंड और मेडिकल कॉलेज की समस्याओं के समाधान का भरोसा

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनका हाथरस दौरा 23 जून को प्रस्तावित था, लेकिन एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि सिकंदराराऊ बस स्टैंड तथा मेडिकल कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी और इन मांगों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।

सुरक्षा को बताया विकास की पहली शर्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास तभी संभव है, जब प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू के लिए जाना जाता था। मथुरा के जवाहर बाग, मेरठ और अलीगढ़ जैसे उदाहरणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में कोई बड़ा दंगा नहीं हुआ और कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार आया है।

मुहर्रम का उदाहरण देकर गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रदेश में लगभग 12 हजार ताजिया जुलूस निकले, लेकिन कहीं भी दंगा या कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि इस बार न तो किसी छज्जे को तोड़ना पड़ा और न ही हाईटेंशन बिजली की लाइनें हटानी पड़ीं, जो प्रशासनिक समन्वय और सामाजिक सौहार्द का प्रमाण है।

हाथरस को बताया उभरता औद्योगिक केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सलेमपुर औद्योगिक आस्थान में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और यह क्षेत्र निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यहां कृषि आधारित प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे विशेष रूप से आलू उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। कोल्ड स्टोरेज की समस्या दूर होने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और भंडारण की लागत भी कम होगी।

आगरा में बन रहा अंतरराष्ट्रीय पोटेटो सेंटर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आगरा में अंतरराष्ट्रीय पोटेटो सेंटर की स्थापना को मंजूरी दी है। इसके साथ ही वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय सैन्य संस्थान का गठन भी किया गया है। उन्होंने कहा कि पोटेटो सेंटर के माध्यम से किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध होंगे, जिससे आलू उत्पादन में वृद्धि होगी और कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।

SP_Singh AURGURU Editor