आगरा कॉलेज में आवारा कुत्तों के प्रबंधन व काटने की घटनाओं की रोकथाम को समिति गठित

सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा पशु कल्याण बोर्ड, भारत सरकार की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुपालन में आगरा कॉलेज, आगरा ने संस्थान परिसर में आवारा कुत्तों के प्रबंधन एवं कुत्तों के काटने की घटनाओं की रोकथाम हेतु एक विशेष समिति का गठन किया है।

Jan 13, 2026 - 20:43
 0
आगरा कॉलेज में आवारा कुत्तों के प्रबंधन व काटने की घटनाओं की रोकथाम को समिति गठित

आगरा। सर्वोच्च उच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों तथा पशु कल्याण बोर्ड, भारत सरकार द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुपालन में आगरा कॉलेज, आगरा द्वारा संस्थागत परिसर में आवारा कुत्तों के प्रबंधन एवं कुत्तों के काटने की घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक समिति का गठन किया गया है।

आगरा कॉलेज, आगरा के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम द्वारा इस महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन हेतु निम्न शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नामित किया गया है। इसके संयोजक डॉ. बी. के. शर्मा, भौतिकी विज्ञान विभाग बनाये गये हैं जबकि सह–संयोजक के रूप में डॉ. उमेश शुक्ला, जंतु विज्ञान विभाग तथा सदस्य के रूप में श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा एवं श्री राजीव सिंह, कार्यालय सहायक शामिल किये गये हैं।

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि गठित समिति को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है कि उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय एवं पशु कल्याण बोर्ड, भारत सरकार द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पूर्णतः अनुपालन हो। साथ ही, संस्थान परिसर में मानवीय, वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत तरीके से आवारा कुत्तों के प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा बनी रहे।

महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समिति द्वारा समय-समय पर आवश्यक समन्वय, निगरानी एवं सुधारात्मक उपाय किए जाएंगे, ताकि परिसर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और पशु-कल्याण के सिद्धांतों का भी संरक्षण हो।

SP_Singh AURGURU Editor