खेत में खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी, पुलिस जुटी जांच में
आगरा। शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव मेहरामपुर में आज सुबह गांव के एक खेत में एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने पर सनसनी फैल गई। घटनास्थल के पास मिली शराब की खाली बोतल और कुछ रोटियां भी मिली हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपने खेतों पर जाने के लिए आज सुबह जब ग्रामीण निकले तो उन्होंने मेहरामपुर गांव के एक खेत में खून से लथपथ एक युवक के शव को देखा। जिसकी पहचान भीमसेन के रूप में की गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना शमशाबाद पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही शमशाबाद थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और भी प्रबल हो गई है।
घटनास्थल पर पुलिस को शराब की एक खाली बोतल और कुछ रोटियां भी मिली हैं। यह इस बात की ओर इशारा करता है कि घटना से पहले मृतक वहां किसी के साथ मौजूद था या उसने वहां कुछ खाया-पिया था। मृतक भीमसेन मेहरामपुर गांव का ही रहने वाला था। पुलिस अब उसके परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि रात में भीमसेन खेत में क्या कर रहा था और उसके साथ कौन-कौन लोग थे।