गीता के दिव्य मार्गदर्शन से चंचल मन बने मित्र, कर्तव्ययोग से जीवन में आए संतुलन और सफलता- सूरसदन में आयोजित शंखनाद-3 गीता ओलम्पियाड के पुरस्कार वितरण समारोह में लैपटॉप, साइकिल व सैकड़ों पुरस्कार पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे

भगवद्गीता के शाश्वत संदेशों से प्रेरित होकर युवा पीढ़ी को जीवन का सही मार्ग दिखाने का अनुपम प्रयास आगरा में देखने को मिला, जहाँ इस्कॉन द्वारा आयोजित शंखनाद-3 गीता ओलम्पियाड में गीता के कर्मयोग, मनोनियंत्रण और चेतना विकास के सूत्रों के साथ विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उपहारों की बौछार और आध्यात्मिक वातावरण ने कार्यक्रम को स्मरणीय बना दिया।

Dec 14, 2025 - 17:44
 0
गीता के दिव्य मार्गदर्शन से चंचल मन बने मित्र, कर्तव्ययोग से जीवन में आए संतुलन और सफलता- सूरसदन में आयोजित शंखनाद-3 गीता ओलम्पियाड के पुरस्कार वितरण समारोह में लैपटॉप, साइकिल व सैकड़ों पुरस्कार पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे
इस्कॊन द्वारा आयोजित शंखनाद-3 गीता ओलम्पियाड के रविवार को सूरसदन में हुए पुरस्कार वितरण समारोह में मौजूद गोपाल कृष्ण स्वामी महाराज, अरविंद प्रभु, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, प्रिल्यूड स्कूल के निदेशक सुशील गुप्ता और अन्य अतिथिगण।

इस्कॊन द्वारा आयोजित शंखनाद-3 गीता ओलम्पियाड के रविवार को सूरसदन में हुए पुरस्कार वितरण समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एक झलक। 

गीता के अभ्यास से ही नियंत्रित होता है चंचल मन

आगरा। फल की आशा किए बिना कर्तव्य निभाना ही जीवन का मूल मंत्र है। परिणाम ईश्वर पर छोड़कर कर्म करते रहना चाहिए। उत्साह, निश्चय और धैर्य सफलता के आधार हैं, परंतु सफलता की राह में सबसे बड़ी बाधा मन है। मन संतुलित हो जाए तो मित्र बन जाता है, अन्यथा शत्रु। हवा की गति नियंत्रित की जा सकती है, किंतु हठीले और चंचल मन को केवल गीता का अभ्यास ही सही दिशा दे सकता है। गीता जीवन का सत्य है—मन को कर्तव्य की ओर केंद्रित कर अर्जुन की भांति लक्ष्य साधना चाहिए।

यह उद्गार इस्कॉन द्वारा सूरसदन में आयोजित यूथ फेस्ट शंखनाद-3 गीता ओलम्पियाड (पुरस्कार वितरण समारोह) में इस्कॉन के गोपाल कृष्ण स्वामी महाराज ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए व्यक्त किए।

वर्तमान ही सबसे मूल्यवान, कर्तव्य पर रहे फोकस

गोपाल कृष्ण स्वामी महाराज ने कहा कि अतीत और भविष्य की चिंता छोड़ वर्तमान पर ध्यान देना ही बुद्धिमानी है। विद्यार्थियों के लिए वर्तमान में उनका अध्ययन ही सबसे बड़ा कर्तव्य है। शरीर आत्मा का वस्त्र है और मनुष्य सर्वोच्च प्राणी है क्योंकि विवेक और चिंतन की क्षमता केवल उसी के पास है। मनुष्य का जन्म चेतना के विकास के लिए हुआ है, जैसा चिंतन करते हुए शरीर त्यागेंगे, वैसा ही आगे शरीर प्राप्त होगा। भौतिक और आध्यात्मिक, दोनों दृष्टियों से गीता सही मार्ग दिखाती है। राष्ट्र और समाज के सर्वकल्याण के उद्देश्य से जीवन जिया जाना चाहिए।

गीता जीवन के सत्य से कराती है परिचय

लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि जब जीवन में लोभ और मोह हावी हो जाते हैं, तब गीता ही सत्य का बोध कराती है। यह हमारा सौभाग्य है कि गीता हमारे देश का ग्रंथ है।

दीप प्रज्वलन और अतिथियों का सम्मान

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रील प्रभुपाद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। सभी अतिथियों का स्वागत माथे पर चंदन लगाकर किया गया। अतिथियों का सम्मान इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने स्मृति-चिह्न प्रदान कर किया। कार्यक्रम का संचालन अदिति गौरांगी ने किया।

इस अवसर पर दशावतार प्रभु, हरविजय प्रभु, शैलेन्द्र अग्रवाल, डॉ. जयदीप मल्होत्रा, नितेश अग्रवाल, कामता प्रसाद अग्रवाल, सुशील गुप्ता, सुरेश चंद गर्ग, सुनील मनचंदा, सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, संजय कुकरेजा, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, अदिति गौरांगी, शैलेश बंसल, शाश्वत नन्दलाल, सत्या नारंग सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

वंशिका ने जीता लैपटॉप, साइकिल भी मिली उपहार में

आगरा। सुन्दरलाल मैमोरियल इंटर कालेज की वंशिका ने गीता ओलम्पियाड के सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर लैपटॉप जीता। युवराज चतुर्वेदी द्वितीय तथा अग्रित गुप्ता तृतीय रहे।
जूनियर वर्ग में प्रथम अविका शर्मा, द्वितीय समर्थ गुप्ता, तृतीय रिषभ शर्मा रहे।
सब-जूनियर वर्ग में प्रथम आरुष करमचंदानी, अरिहन्त सिंह, रोशनी खन्ना, यथार्थ कटारा; द्वितीय आदित्य राय, काव्या यादव; तृतीय यश खंडेलवाल और अनन्या कुमारी रहीं। इसके अतिरिक्त 300 विद्यार्थियों को सांत्वना प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

हरे रामा हरे कृष्णा के संकीर्तन पर झूमे अतिथि

आगरा। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भक्ति का रंग बिखर गया। गोपालम गिरिराज, राज धरणम, श्रीराधा कृष्णाय नमो नमः तथा महाभारत कथा के मंचन पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंजी। भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की अलौकिक छवियों ने हरे रामा हरे कृष्णा संकीर्तन पर सभी का मन मोह लिया। रंगोली से परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया।

15 जनवरी को होगी ‘थिंक गीता-लिव गीता’ प्रतियोगिता

आगरा। डॉ. रंजना बंसल ने घोषणा की कि 15 जनवरी को थिंक गीता-लिव गीता प्रतियोगिता आयोजित होगी। यह सभी स्कूलों के लिए ओपन रहेगी। चार वर्गों में होने वाली प्रतियोगिता का परिणाम 26 जनवरी को कॉसमॉस मॉल में घोषित किया जाएगा। इच्छुक विद्यालय कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर से प्रतियोगिता के फार्म प्राप्त कर सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor