डॊ. सुशील गुप्ता लगातार पांचवीं बार निर्विरोध अप्सा के अध्य़क्ष चुने गये, गिरधर शर्मा सचिव और प्रद्युम्न चतुर्वेदी कोषाध्यक्ष बने

आगरा। शिक्षा जगत में एक बार फिर भरोसे और नेतृत्व की मुहर लगी, जब अप्सा (एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ आगरा) के चुनाव में डॉ. सुशील चंद्र गुप्ता लगातार पाँचवीं बार (2018-28) निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। यह सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि वर्षों से स्थापित पारदर्शिता, सेवा भावना और मजबूत नेतृत्व की पुनः पुष्टि मानी जा रही है।

Apr 10, 2026 - 13:13
 0
डॊ. सुशील गुप्ता लगातार पांचवीं बार निर्विरोध अप्सा के अध्य़क्ष चुने गये, गिरधर शर्मा सचिव और प्रद्युम्न चतुर्वेदी कोषाध्यक्ष बने
अप्सा की नव निर्वाचित कार्यकारिणी, जिसमें अध्यक्ष डॊ. सुशील गुप्ता, सचिव डॊ. गिरधर शर्मा और कोषाध्यक्ष प्रद्युम्न चतुर्वेदी समेत अन्य पदाधिकारी।

गायत्री पब्लिक स्कूल, यूनिट-2 में 9 अप्रैल को आयोजित सामान्य कार्यकारिणी बैठक में कर्नल अपूर्व त्यागी के नेतृत्व में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। पूरी कार्यकारिणी सर्वसम्मति से चुनी गई, जिससे संगठन की एकजुटता और आंतरिक विश्वास स्पष्ट रूप से झलकता है।

ये हैं निर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारी

अध्यक्ष – डॉ. सुशील चंद्र गुप्ता, सचिव – डॉ. गिरधर शर्मा, कोषाध्यक्ष – प्रद्युम्न चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष (सीबीएसई) – डॉ. जी.एस. राना, उपाध्यक्ष, (आईसीएसई) – फादर रॉय डोलफोस, संयुक्त सचिव – त्रिलोक सिंह राणा
और संयुक्त कोषाध्यक्ष – दीपिका त्यागी।

कार्यकारिणी सदस्य संजय अग्रवाल, अनिमेष दयाल, प्रांजल शर्मा, डॉ. अभिषेक कुमार गुप्ता, मनीष गुप्ता, सुमित उपाध्याय, प्रवीण बंसल, डॉ. मानवेंद्र शर्मा, शेखर भरत सिंह, लोक पाल चाहर, भूप सिंह इंदौलिया चुने गये हैं।

नीतियों में बड़ा बदलाव, शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी पर फोकस

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव डॉ. गिरधर शर्मा ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने आगामी सत्र की योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया, जिसमें शिक्षा के साथ पर्यावरण, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी गई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के लिए कम से कम तीन कार्यशालाएँ आयोजित होंगी।  निर्धन मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति जारी रहेगी। वार्षिक फिएस्टा को और भव्य बनाया जाएगा। सभी कार्य पेपरलेस सिस्टम के तहत होंगे।  आरटीई मानकों के अनुरूप प्रवेश अनिवार्य रहेगा।  एनसीईआरटी पुस्तकों को प्राथमिकता दी जाएगी। फीस वृद्धि केवल नियामक बिल 2018 के अनुसार होगी।

पर्यावरण और अनुशासन पर सख्त रुख

अप्सा ने इस बार पर्यावरण संरक्षण को अभियान का रूप देने का फैसला किया है, जिसके तहत सभी स्कूल नो प्लास्टिक जोन घोषित होंगे। रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य की जाएगी। एक छात्र-एक वृक्ष अभियान चलाया जाएगा। पूरे सत्र को हरित वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।

छात्रों पर बोझ कम, कोचिंग पर सख्ती

अप्सा ने यह भी तय किया है कि बैग के वजन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अवकाश घटाकर 27 कर दिए गए हैं। अक्टूबर में साहित्यिक-सांस्कृतिक व खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के कोचिंग प्रवेश पर प्रतिबंध लागू किया जाएगा।

संस्था से अब 60 से अधिक सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालय जुड़ चुके हैं, जो इसकी बढ़ती प्रभावशीलता और विश्वसनीयता को दर्शाता है।

बैठक में 45 सदस्यों की उपस्थिति रही। अंत में अपूर्वा शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और आयोजन की सफल व्यवस्था के लिए गायत्री पब्लिक स्कूल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor