दीनदयाल संस्थान में रोजगारपरक काउंसलिंग कार्यक्रमः छात्र नौकरी की दौड़ छोड़ें, बनें रोजगार सृजनकर्ता

आगरा। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान में मंगलवार को ओरिएंटेशन एवं रोजगारपरक काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान, विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली तथा रोजगार और स्वरोजगार से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।

Jul 30, 2025 - 22:35
 0
दीनदयाल संस्थान में रोजगारपरक काउंसलिंग कार्यक्रमः छात्र नौकरी की दौड़ छोड़ें, बनें रोजगार सृजनकर्ता
डॊ. आंबेडकर विवि के दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में आए अतिथि और प्रतिभागी।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वंदना से हुई। संस्थान के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए संस्थान की वैचारिक पृष्ठभूमि एवं कार्यक्षेत्र पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता विश्वविद्यालय के समाज विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. मोहम्मद अरशद ने की।

इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी सौरभ परमार ने छात्रों को नौकरी की दौड़ से निकलकर नौकरी देने की सोच विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल, सेल्फ एम्प्लॉयमेंट स्कीम, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना आदि की जानकारी साझा की। उनकी टीम में संजय दिवाकर, अजय सिंह, प्रभात गुप्ता, सुरेश चंद्र आदि भी उपस्थित रहे।

संस्थान के शिक्षक डॉ. आयुष मंगल ने पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं संस्थान के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि पिछले सत्र में संस्थान के एक छात्र ने प्रधानमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष से भेंट कर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने पाठ्यक्रम, परीक्षा पद्धति, शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों की भी जानकारी दी।

मुख्य वक्ता के रूप में पधारे राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय, अयोध्या के प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद जैसे आर्थिक विचारों की वर्तमान संदर्भ में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानव ही अर्थव्यवस्था का केंद्र होना चाहिए, न कि पूंजी।

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार से आए प्रो. विपुल भट्ट ने अनौपचारिक शैली में संवाद करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा, जीवन ठहरता नहीं, चलते रहना ही प्रगति है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, गोंडा के डॉ. अजय कुमार ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व एवं विचारों से विद्यार्थियों को परिचित कराया। उन्होंने बताया कि युवाओं को अपना लक्ष्य स्पष्ट रखते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान की शिक्षिका डॉ. आभा सिंह ने सभी वक्ताओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. नीरज कुशवाह, डॉ. भरत सिंह, डॉ. राधिका गोयल, डॉ. तपस्या चौहान, डॉ. सूरज प्रताप सिंह, माधुरी कौशिक, रेखा माथुर, इति गोस्वामी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

SP_Singh AURGURU Editor