जालौन के इंस्पेक्टर हत्याकांड में जेल भेजी गई महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा बरेली में भी विवादों के केंद्र में रही थी

जालौन/बरेली। कुठौंद थाने के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार राय की संदिग्ध हालात में गोली लगने से हुई मौत के मामले में आरोपी बनाई गई महिला आरक्षी मीनाक्षी शर्मा को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। यह वही मीनाक्षी हैं, जो बरेली के बहेड़ी थाने में तैनाती के दौरान भी विवादित घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रही थीं।

Dec 7, 2025 - 19:21
 0
जालौन के इंस्पेक्टर हत्याकांड में जेल भेजी गई महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा बरेली में भी विवादों के केंद्र में रही थी

-रमेश कुमार सिंह-

जालौन। थाना कुठौंद में 5 दिसंबर की रात हुई प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार राय की गोली लगने से मौत के मामले में महिला आरक्षी मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना के बाद दिवंगत निरीक्षक की पत्नी माया राय ने महिला सिपाही मीनाक्षी पर ही हत्या का आरोप लगाया था।

शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

जालौन के पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर महिला आरक्षी मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ बीएनएस धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार को उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।

बरेली में भी विवादों में रही थीं मीनाक्षी शर्मा

महिला सिपाही मीनाक्षी का विवादों में नाम नया नहीं है। बरेली जिले के बहेड़ी थाने में तैनाती के दौरान भी वह सुर्खियों में आ चुकी थीं।

6 सितंबर की रात थाने में दो सिपाहियों मोनू और योगेश के बीच विवाद उसकी वजह से भड़का था। कहा गया कि दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था और विवाद की जड़ में मीनाक्षी ही बताई जा रही थीं। विवाद बढ़ा तो सिपाही मोनू ने थाने में ही एक दारोगा की पिस्टल से फायर कर दिया। रात में हुई इस घटना से पूरे थाने में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी।

घटना छिपाने पर कार्रवाई

फायरिंग की जानकारी छुपाने और तत्काल अधिकारियों को न बताने पर तत्कालीन एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्येंद्र भड़ाना, इंस्पेक्टर क्राइम अनिल कुमार, तथा सिपाही मोनू पांडे, योगेश चाहल और मनोज को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए थे।

मीनाक्षी शर्मा तब चर्चा में आ गई थीं। तीन महीने की तैनाती में ही वह कई बार विवादों के कारण सुर्खियों में रहीं। इसके बाद उनका तबादला चित्रकूट किया गया और फिर वहां से जालौन भेजा गया था।

अब जालौन में हत्याकांड में गिरफ्तार

जालौन में इंस्पेक्टर की मौत के बाद मामले का दायरा तेजी से बढ़ा। पत्नी की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के आधार पर जांच की गई और अंततः मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आगे घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

SP_Singh AURGURU Editor