एक फिल्म, एक किशोर और ब्रज की पीड़ा… ऐसे रमेश कुमार से बने संत रमेश बाबा
एक फिल्म में दिखाई गई हरियाली को वास्तविक ब्रज समझकर किशोर रमेश कुमार बरसाना पहुंचे, लेकिन वहां उजड़ते वन और प्रकृति की दुर्दशा देखकर उनका जीवन बदल गया। उन्होंने ब्रज छोड़ने के बजाय उसके संरक्षण को अपना जीवन-व्रत बना लिया और आगे चलकर संत रमेश बाबा के रूप में गहवरवन, गोवंश, यमुना और ब्रज की सांस्कृतिक विरासत के लिए लंबा संघर्ष किया। करीब तीन दशक तक उनके कार्यों से जुड़े रहे लेखक की स्मृतियों में वन संरक्षण, 60 हजार गायों वाली माताजी गौशाला, पुलिस चौकी की स्थापना और यमुना बचाओ आंदोलन जैसे प्रसंग सामने आते हैं। रमेश बाबा के ब्रह्मलीन होने के बाद भी उनका ब्रज संरक्षण का संकल्प एक जीवंत आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी समाज और शासन-प्रशासन की है।
चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार
---कुछ कहानियां संयोग से शुरू होती हैं और कालांतर में इतिहास बन जाती हैं। संत रमेश बाबा की कहानी भी ऐसी ही है। एक किशोर ने इलाहाबाद में स्कूल से भागकर एक फिल्म देखी। फिल्म के पर्दे पर उसे हरियाली से भरा सुंदर ब्रज दिखाई दिया। वह उस ब्रज को देखने बरसाना चला आया। लेकिन वहां उसे फिल्म जैसा ब्रज नहीं मिला। हरियाली के बजाय उजड़ता हुआ वन और उपेक्षित प्रकृति दिखाई दी। किशोर रमेश कुमार निराश तो हुए, लेकिन लौटे नहीं। उन्होंने तय कर लिया कि जिस ब्रज को उन्होंने फिल्म के पर्दे पर देखा है, उसे वास्तविकता में भी सुंदर बनाना है।
यहीं से शुरू हुई रमेश कुमार से संत रमेश बाबा बनने की यात्रा। संत रमेश बाबा से मेरा संबंध वर्ष 1995 में हुआ। उस समय मैं आगरा अमर उजाला से मथुरा लौटकर अपने जिले में अमर उजाला का ब्यूरो चीफ बना था। उन दिनों गहवरवन आज की तरह व्यापक चर्चा में नहीं था। रमेश बाबा का नाम भी ब्रज के बाहर बहुत कम लोग जानते थे। लेकिन जब मैंने गहवरवन और बाबा के कार्यों को निकट से देखा तो मुझे लगा कि यह व्यक्ति सामान्य संत नहीं है। वह केवल भजन और साधना में लीन रहने वाले संत नहीं थे। उनके भीतर ब्रज की प्रकृति, वन, गोवंश, यमुना और संस्कृति को बचाने की बेचैनी थी। मैंने अमर उजाला में उनके कार्यों और गहवरवन से संबंधित समाचारों को लगातार प्रमुखता से प्रकाशित करना शुरू किया।
कई बार मथुरा-वृंदावन के मित्र, साधु-संत और परिचित मुझसे पूछते थे— “सिकरवार जी, आप इस रमेश बाबा को इतना क्यों छापते हैं? आखिर यह बाबा हैं कौन?” मैं उनके सवाल का एक ही जवाब देता था— “आप एक बार गहवरवन जाकर उन्हें देखिए, फिर आपको समझ में आएगा कि मैं उन्हें क्यों लिख रहा हूं।” ब्रज के प्रति कैसे आकर्षण बढा? बाबा ने एक दिन मुझे अपने जीवन की यह रोचक घटना सुनाई थी।
उन्होंने बताया था कि किशोरावस्था में इलाहाबाद में मैं कुछ साथियों के साथ स्कूल से सीधे फिल्म देखने चला गया। वह फिल्म थी ‘झनक झनक पायल बाजे’। फिल्म में उन्हें ब्रज जैसी मनोहारी हरियाली और प्राकृतिक दृश्य दिखाई दिए। किशोर मन पर उसका गहरा प्रभाव पड़ा। उन्होंने सोचा— “ब्रज इतना सुंदर है तो क्यों न वहां जाकर देखा जाए?” वह बरसाना आ गए। लेकिन बरसाना पहुंचकर उन्हें वह हरियाली दिखाई नहीं दी, जो उन्होंने फिल्म में देखी थी। जिस ब्रज की सुंदर तस्वीर उनके मन में बनी थी, उसके विपरीत यहां उजड़ता हुआ वन और प्रकृति की दुर्दशा देखकर उनका मन खिन्न हो गया। लेकिन यही खिन्नता उनके जीवन का सबसे बड़ा संकल्प बन गई। उन्होंने तय किया कि ब्रज को बचाना है।
परिवार के लोगों को जब पता चला कि रमेश कुमार बरसाना में रहने लगे हैं तो वे उन्हें पकड़कर इलाहाबाद ले गए। लेकिन जिस मन ने ब्रज को अपना लिया हो, उसे घर की चारदीवारी कैसे रोक सकती थी? रमेश कुमार फिर बरसाना लौट आए। उन्होंने संकल्प लिया कि अब वे ब्रज चौरासी कोस से बाहर नहीं जाएंगे। गहवरवन की पहाड़ी उनका आश्रम बन गई। धीरे-धीरे रमेश कुमार की पहचान समाप्त होती गई और लोग उन्हें रमेश बाबा कहने लगे। उनकी माता भी समझ गई थीं कि बेटा अब लौटने वाला नहीं है। वह भी बरसाना आ गईं और गहवरवन की पहाड़ी के नीचे एक छोटी-सी कुटिया में रहने लगीं। मां और बेटे का यह संबंध भी अपने आप में एक तपस्या थी।
जिस हरियाली ने बाबा को ब्रज पहुंचाया, वह ब्रज की थी ही नहीं।फिल्म के वे हरे-भरे दृश्य हैदराबाद में फिल्माए गए थे। एक किशोर ने हैदराबाद की हरियाली को ब्रज की हरियाली समझ लिया और उसे देखने बरसाना आ गया, लेकिन वहां पहुंचकर उसने जो ब्रज देखा, उसने उसके भीतर ऐसी आग जलाई कि उसने अपना पूरा जीवन वास्तविक ब्रज को बचाने में लगा दिया।
गहवरवन की पहाड़ी पर बाबा से हुई मुलाकातें-----
मुझे गहवरवन जाने और बाबा के साथ पहाड़ी पर बैठने के अनेक अवसर मिले। बाबा घंटों ब्रज की प्रकृति और उसके संकटों की बात करते थे। उनकी चिंता केवल अपने आश्रम या अपने आसपास के वन तक सीमित नहीं थी। वे कहते थे कि यदि ब्रज के वन समाप्त हो गए, तो ब्रज की पहचान भी समाप्त हो जाएगी। उनकी दृष्टि में वन केवल पेड़-पौधों का समूह नहीं था। वह राधा-कृष्ण की लीला-भूमि का जीवंत अंग था। इसीलिए गहवरवन को बचाना उनके जीवन के सबसे बड़े अभियानों में से एक था।
वन मंत्री को लेकर पहुंच गया गहवरवन
वर्ष 1996 में प्रदेश के तत्कालीन वन मंत्री स्व रघुवर दयाल वर्मा मथुरा आए थे। जिलाधिकारी, डीएफओ और अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद थे। मुझे लगा कि गहवरवन को आरक्षित वन घोषित करने के मामले में अधिकारियों की ओर से पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। मैंने बैठक में ही वन मंत्री के सामने शिकायत कर दी। वन मंत्री जी मुझे बहुत मानते थे। मैंने उनसे कहा कि यदि गहवरवन को बचाना है तो आपको स्वयं वहां चलकर स्थिति देखनी चाहिए। मैं बगैर किसी कार्यक्रम के वन मंत्री और वन अधिकारियों को लेकर सीधे गहवरवन पहुंच गया। मेरे साथ वंशीधर अग्रवाल भी थे। वे भी गहवरवन को बचाने के लिए सक्रिय आंदोलन कर रहे थे। बाबा हमें पहाड़ी पर स्थित अपने आश्रम की छत पर ले गए। वहां से उन्होंने दूर तक फैले वन की ओर संकेत करते हुए बताया कि किस तरह यह क्षेत्र लगातार नष्ट हो रहा है। उस दिन मुझे लगा कि बाबा की बात केवल भावनात्मक अपील नहीं है। वह एक गंभीर पर्यावरणीय संकट की ओर संकेत कर रहे हैं। बाद में गहवरवन के कुछ हिस्से को शासन द्वारा आरक्षित वन घोषित किया गया।
60 हजार गायों वाली गौशाला
बाबा की "माताजी गौशाला" को दिखाने के लिए एक बार मैं अपने मित्र और मेरठ में सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता अनुराग अग्रवाल तथा कुछ अन्य मित्रों के साथ गया। वहां बड़ी संख्या में गायों को देखकर बाबा के संकल्प की विशालता का अनुभव हुआ।
लेकिन मुझे वहां एक और चीज देखकर विशेष संतोष हुआ—वह थी पुलिस चौकी। उस चौकी के पीछे भी बाबा के संघर्ष से जुड़ी एक कहानी थी।
एक घटना ने खुलवाई गौशाला में पुलिस चौकी----
एक बार मैं अपने मित्र बंदी गांव के सतेंद्र सिंह के साथ बाबा से मिलने गया था। वहां राधाकांत जी और सुनील जी ने बताया कि कुछ दिन पहले गौशाला पर हमला हुआ था। एक कर्मचारी की हत्या कर दी गई थी और गायें चोरी कर ले जाई गई थीं। यह सुनकर मन बहुत व्यथित हुआ। मैंने तत्काल अपने मित्र और तत्कालीन डीजीपी अरविंद कुमार जैन, आईपीएस से संपर्क किया। मैंने उनसे कहा— “यह इलाका राजस्थान की सीमा के निकट है। आसपास मेवों के गांव हैं। यहां हम समय खतरा बना रहता है। यहां पुलिस चौकी होना जरूरी है, वरना गौशाला की गायों की सुरक्षा मुश्किल होगी।”
डीजीपी श्री जैन ने तत्काल कार्रवाई की। तत्कालीन एसएसपी मंजिल सैनी ने अगले ही दिन डीजीपी के कहने पर एसपी देहात को भेजकर गौशाला परिसर में दो कमरों में पुलिस चौकी स्थापित करा दी। बाद में जब मैं वहां गया और उस चौकी को देखा तो मन में एक अलग तरह का संतोष था। लगा कि बाबा की गायों की सुरक्षा के लिए एक मजबूत व्यवस्था खड़ी हो गई है।
“सिकरवार, यमुना को भी बचाना है”
रमेश बाबा के साथ मेरा संबंध केवल गहवरवन या गौशाला तक सीमित नहीं था। बाबा ब्रज की समग्र चिंता करते थे। एक दिन उन्होंने यमुना की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उनका आग्रह था कि यमुना की दुर्दशा को भी बड़े स्तर पर उठाया जाना चाहिए।
उनके कहने पर मैंने अमर उजाला के माध्यम से यमुना बचाओ आंदोलन शुरू कराया। बाद में वर्ष 2001 में जब मैं अमर उजाला से अलग हो गया, तब तत्कालीन संपादक श्री राजेंद्र त्रिपाठी ने भी इस आंदोलन को भरपूर स्थान दिलाया। इस तरह बाबा की चिंता धीरे-धीरे जनचिंता बनने लगी।
वंशीधर अग्रवाल—गहवरवन के लिए समर्पित साथी---
रमेश बाबा के ब्रज संरक्षण अभियान में वंशीधर अग्रवाल की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे गहवरवन को बचाने के लिए लगातार सक्रिय रहे। वन मंत्री को गहवरवन ले जाने के उस प्रसंग में भी वे मेरे साथ थे। बाबा के संकल्प और वंशीधर जी के संघर्ष ने गहवरवन संरक्षण के अभियान को मजबूत आधार दिया।
विनीत नारायण का बाबा के संकल्प से जुड़ना--
करीब ढाई दशक पहले बाबा के संकल्पों को आगे बढ़ाने में विनीत नारायण की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उस समय वे अत्यंत व्यस्त रहते थे। मेरे आग्रह पर वे बाबा के आश्रम के शरदोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे। यहीं से बाबा और विनीत जी के बीच एक मजबूत संपर्क बना। विनीत जी ने बाद में बाबा के प्रकल्पों के लिए दान और सहयोग जुटाने की एक ठोस व्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे गौशाला और अन्य सेवा-प्रकल्पों को आर्थिक आधार मिला।
यह केवल बाबा का नहीं, एक पूरे आंदोलन का इतिहास है
आज रमेश बाबा हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन उनके जीवन को केवल एक संत की आध्यात्मिक यात्रा के रूप में देखना उनके व्यक्तित्व के साथ न्याय नहीं होगा। उन्होंने ब्रज के लिए संघर्ष किया। उन्होंने वन के लिए संघर्ष किया। उन्होंने गोवंश के लिए संघर्ष किया। उन्होंने यमुना के लिए आवाज उठाई। उन्होंने ब्रज की संस्कृति और परंपरा के लिए जीवन समर्पित किया। और सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि उन्होंने लोगों को यह विश्वास दिलाया कि ब्रज केवल तीर्थ नहीं, हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत है।
एक फिल्म ने रास्ता दिखाया, ब्रज ने जीवन बदल दिया
कभी-कभी इतिहास बड़ी घटनाओं से नहीं, बहुत छोटी घटनाओं से बनता है। इलाहाबाद का एक किशोर स्कूल से निकलकर फिल्म देखने गया। पर्दे पर हरियाली देखी। उसने समझा—यह ब्रज है। वह बरसाना चला आया। वहां हरियाली नहीं मिली।
लेकिन उसे ब्रज की पीड़ा मिल गई। और उस पीड़ा ने उसके जीवन की दिशा बदल दी।
जिस हरियाली को वह फिल्म में देखकर ब्रज समझ बैठा था, वह भले ही हैदराबाद की थी, लेकिन उसी भ्रम ने भारत को एक ऐसा संत दे दिया जिसने वास्तविक ब्रज की हरियाली बचाने के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। रमेश कुमार से रमेश बाबा बनने की यह यात्रा इसलिए भी अद्भुत है कि उन्होंने ब्रज को केवल देखा नहीं—उसे जिया, उसकी पीड़ा को महसूस किया और उसके संरक्षण को अपने जीवन का व्रत बना लिया।
आज उनके ब्रह्मलीन होने पर गहवरवन की पहाड़ियों पर शायद वही हवा बह रही होगी, जिसके बीच बैठकर बाबा ब्रज की चिंता किया करते थे। पेड़ खड़े हैं। गौशालाएं हैं। यमुना है। बरसाना है। मान मंदिर है। और इन सबके बीच एक संकल्प आज भी जीवित है— ब्रज को बचाना है। रमेश बाबा चले गए, लेकिन उनका यह संकल्प अब ब्रजवासियों, संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और शासन-प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बाबा के ब्रज को बचाने के आंदोलन को आगे बढ़ाने में तीन दशक पहले जुड़े वंशीधर अग्रवाल, विनीत नारायण समेत तमाम लोगों की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। यह उन सभी लोगों के योगदान को याद करने का भी समय है, जिन्होंने अपने-अपने तरीके से रमेश बाबा के संकल्प को शक्ति दी। और मेरे लिए तो यह स्मृति जीवनभर साथ रहेगी कि करीब तीन दशक पहले अमर उजाला के एक ब्यूरो चीफ के रूप में जिस संत को मैंने गहवरवन की पहाड़ी पर देखा था, वह आज भले ही देह से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन ब्रज की मिट्टी में उनका संकल्प अब भी जीवित है।