अलौकिक परिक्रमा संग आगरा के शिवालयों में भक्तों का सैलाब, बल्केश्वर से बटेश्वर तक गूंज रहा हर-हर महादेव
श्रावण के दूसरे सोमवार को आगरा में भोले की भक्ति के प्रति जो श्रद्धा, सेवा और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है, वह अनूठा है। बल्केश्वर महादेव मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी, जहां जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और परिक्रमा की गई। कांवड़ियों ने गंगाजल अर्पित कर यात्रा पूर्ण की। पूरे शहर के शिवालय ही नहीं, ग्रामीण अंचल के मंदिरों में भी 'हर-हर महादेव' की गूंज सुनाई पड़ रही है। बल्केश्वर मेले में भारी भीड़ पहुंच रही है।
आगरा। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को आगरा शहर और ग्रामीण अंचलों में शिवभक्ति की अपार आस्था देखने को मिली। हर शिवालय और अन्य मंदिर हर-हर बम-बम भोले और जय शिव शंकर के जयघोष गूंज रहे हैं। बल्केश्वर, श्री मनःकामेश्वर, रावली महादेव, श्री राजेश्वर, श्री पृथ्वीनाथ, कैलाश, वनखंडी और बटेश्वरधाम सहित शहर के सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु हाथों में जल, बेलपत्र, धतूरा लिए ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ शिवलिंगों का जलाभिषेक कर रहे हैं।
बल्केश्वर महादेव मंदिर में अद्वितीय मेले की छटा
बल्केश्वर महादेव मंदिर में परंपरागत श्रावण मेला भव्यता के साथ चल रहा है। भक्तों की भीड़ इतनी अधिक है कि मंदिर परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं है। आधी रात से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे और अब तक उनका आना जारी है। मंदिर में बच्चों और परिवारों के लिए लगे झूले, खानपान के स्टॉल और आध्यात्मिक भजन लोगों को आनंद से भर रहे हैं।
बल्केश्वर मंदिर के कपाट शिव भक्तों के लिए रातभर खुले रहे। रात भर 12 बजे बाद ही कांवड़ियों ने जलाभिषेक शुरू कर दिया था। कपाट आज रात्रि तक निरंतर खुले रहेंगे। ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और पूजन कर सकें। आज शाम को संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के उमड़ने की संभावना है।
चाक-चौबंद सुरक्षा और सेवा व्यवस्था
पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की दृष्टि से हर मोर्चे पर पुलिस बल तैनात है। किसी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए भारी वाहनों का शहर में प्रवेश कल शाम से ही प्रतिबंधित कर दिया गया था। स्वयंसेवी संगठनों द्वारा खाने-पीने, पानी, दूध, शर्बत, और विश्राम के लिए स्टॉल लगाए गए हैं।
संपूर्ण शिव परिक्रमा रही शांतिपूर्ण और भव्य
रविवार शाम से शुरू हुई शहर के चारों कोनों पर स्थित शिवालयों की परिक्रमा सोमवार सुबह तक अनवरत चलती रही। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर, पेयजल, और चाय आदि की व्यवस्था की गई थी। पुलिस की निगरानी में रात्रिकालीन परिक्रमा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही।
पार्षद ने किया मेले का निरीक्षण
वार्ड 91 बल्केश्वर पार्षद मुरारीलाल गोयल पेंट ने बल्केश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सेनेटरी इंस्पेक्टर रचना गुप्ता और सफाई मित्रों के साथ सफाई अभियान और व्यवस्था सुधार का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम, मेला समिति और सभी सामाजिक संगठनों का आभार जताया।
गंगाजल लाए कांवड़ियों ने किया महादेव का जलाभिषेक
हरिद्वार, सोरों, नरौरा आदि से आए कांवड़ियों ने अपने गंगाजल को शहर के प्रमुख मंदिरों में चढ़ाकर कांवड़ यात्रा पूर्ण की। अन्य भक्तों ने भी दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा और अक्षत चढ़ाकर भोलेनाथ का पूजन किया। पूरे माहौल में आस्था, भक्ति और साधना का भाव मुखर रहा।
बटेश्वर धाम में दूर-दूर से पहुंच रहे भोले के भक्त
बटेश्वरधाम में आगरा ही नहीं, यमुना व चंबल पार क्षेत्र के मुरैना, धौलपुर, इटावा, शिकोहाबाद और फिरोजाबाद तक के भक्त भोले बाबा की आराधना के लिए पहुंच रहे हैं। बटेश्वरधाम में पूजा अर्चना से पहले सभी भक्त यमुमा में स्नान कर रहे हैं। यमुना के घाटों पर भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए गए हैं। नावों के जरिए गोताखोर नजर रखे हुए हैं ताकि कोई पानी की गहराई में न जा सके। बटेश्वरधाम पर सुबह से ही हर-हर महादेव की गूजं हो रही है।
शिवाजी मार्केट एसोसिएशन की ओर से भव्य आरती और सेवा
श्रीराम हनुमान मंदिर पर शिवाजी मार्केट एसोसिएशन की ओर से पं. अवधेश शर्मा ने शिव परिवार की विशाल आरती करवाई। अध्यक्ष पंकज सचदेवा, संरक्षक श्याम भोजवानी व अन्य सदस्यों द्वारा सभी परिक्रमार्थी भक्तों के लिए शीतल मिल्क रोज, गुलाब शर्बत, मेंगो ड्रिंक आदि की व्यवस्था की गई, जो मंगलवार तक जारी रहेगी।
सेवा कार्यों में मयंक खंडेलवाल, विश्वनाथ भारद्वाज, सुमन गोयल, सेनेटरी इंस्पेक्टर रचना गुप्ता, सौरव, अंकुर, दीपक, मीनाक्षी शर्मा, लक्ष्मण छाबड़ा, गुरदीप लूथरा, अमित भाटिया, आजाद जैन, जॉनी पेसवानी, रवि पुरी, प्रदीप मल्होत्रा, कमल छाबड़िया, शम्मी लूथरा, डॉ लोकेश धींगरा आदि शामिल रहे।
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा आगरा
पूरे आगरा शहर और ग्रामीण अंचलों में शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मंदिरों की घंटियां, ढोल-नगाड़े और भक्तों की जयकारें वातावरण को शिवमय कर रही हैं। सावन का दूसरा सोमवार एक बार फिर यह याद दिला गया कि धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराएं जब साथ चलें, तो शहर ही नहीं, आत्मा भी पवित्र हो जाती है।