कराची हमले के बाद पाकिस्तान का आधी रात अफगानिस्तान पर हवाई हमला, आतंकी ठिकानों के नाम पर आम नागरिकों को निशाना बनाया, 35 निर्दोष लोगों को मार डाला, मृतकों में बच्चे भी शामिल, 100 से ज्यादा घायल
इस्लामाबाद। दुनिया में आतंकवाद को लेकर लगातार कठघरे में खड़ा होने वाला पाकिस्तान एक बार फिर विवादों में है। कराची में हुए हमले के बाद पाकिस्तान ने रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे अफगानिस्तान के तीन प्रांतों में हवाई हमले किए। पाकिस्तान सरकार का दावा है कि कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) और जमात-उल-अहरार के आतंकी ठिकानों के खिलाफ की गई, जबकि अफगानिस्तान ने आरोप लगाया है कि इन हमलों में आतंकी नहीं बल्कि आम नागरिकों को निशाना बनाया गया।
अफगानिस्तान के अनुसार, पाकिस्तानी हवाई हमलों में अब तक 35 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है तथा 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। अफगानिस्तान से सामने आई तस्वीरों और स्थानीय अधिकारियों के दावों के मुताबिक मृतकों में चार से नौ वर्ष तक के छोटे-छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। कई मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज सरकारी अस्पतालों में चल रहा है।
दूसरी ओर पाकिस्तान सरकार के मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने दावा किया है कि पाकिस्तानी वायुसेना की कार्रवाई में 25 आतंकवादी मारे गए हैं। हालांकि अफगानिस्तान ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि हमलों में किसी आतंकी ठिकाने को नहीं, बल्कि रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया।
भारतीय समयानुसार रात करीब 12:30 बजे पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के गियान क्षेत्र, पक्तिया प्रांत के चमकानी क्षेत्र तथा कुनार प्रांत के मरवारा इलाके में हवाई हमले किए। अफगानिस्तान का आरोप है कि इन हमलों में रिहायशी मकानों और एक मस्जिद को निशाना बनाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले हमले के बाद जब ग्रामीण मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, तब रात लगभग 12:55 बजे उसी क्षेत्र में दूसरा हवाई हमला किया गया। इस दूसरे हमले में राहत एवं बचाव कार्य में जुटे कई नागरिक भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे मृतकों और घायलों की संख्या तेजी से बढ़ गई।
हमले में घायल एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बमबारी के समय वहां कोई सैन्यकर्मी या सरकारी अधिकारी मौजूद नहीं था। उसका कहना है कि पाकिस्तान टीटीपी आतंकियों को निशाना बनाने का दावा कर रहा है, जबकि प्रभावित क्षेत्र में केवल आम नागरिक रह रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार इस हमले में दर्जनों लोग घायल हुए।
चमकानी क्षेत्र के एक अन्य घायल व्यक्ति ने बताया कि वह दुबई में मजदूरी करता है और लगभग दो महीने पहले ही अपने घर लौटा था। उसके अनुसार एयरस्ट्राइक में उसके पड़ोसी बादशाह खान के घर को निशाना बनाया गया। पहला हमला होते ही आसपास के लोग महिलाओं और बच्चों को मलबे से निकालने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन कुछ ही मिनट बाद दूसरा हवाई हमला कर दिया गया, जिसमें बचाव कार्य में जुटे एक दर्जन से अधिक नागरिकों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए।
अफगानिस्तान का आरोप है कि पाकिस्तान अपने यहां होने वाले आतंकी हमलों का ठीकरा लगातार अफगानिस्तान पर फोड़ता रहा है। अफगान पक्ष का यह भी दावा है कि पिछले वर्ष सितंबर से पाकिस्तान अपने यहां हुए बड़े आतंकी हमलों के जवाब में आतंकवाद विरोधी अभियान के नाम पर लगातार अफगानिस्तान में हवाई हमले कर रहा है। अफगानिस्तान का कहना है कि इन अभियानों में आतंकी ठिकानों की बजाय आम लोगों के घर, अस्पताल, स्कूल और अन्य नागरिक ठिकाने निशाना बनाए गए हैं।
अफगानिस्तान ने दावा किया है कि पिछले नौ महीनों के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना की विभिन्न कार्रवाइयों में अब तक 565 आम अफगान नागरिकों की जान जा चुकी है। हालांकि पाकिस्तान इन आरोपों से इनकार करता रहा है और उसका कहना है कि उसकी सभी सैन्य कार्रवाइयां केवल आतंकवादी संगठनों और उनके ठिकानों के विरुद्ध की जाती हैं।