यमुना पार पेयजल योजना का शिलान्यासः मंत्री प्रो. बघेल और विधायक डॊ. धर्मपाल ने किया भूमि पूजन
आगरा। यमुना पार क्षेत्रवासियों के लिए आज का ऐतिहासिक दिन रहा, जब उनकी दशकों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के कालिन्दी विहार सी ब्लॉक पार्क में 413 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित आगरा पेयजल पुनर्गठन योजना का भूमि पूजन शुक्रवार को अमृत-2 कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारत सरकार के राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुतियां दीं और योजना के सफल क्रियान्वयन की मंगलकामना की।
-413 करोड़ की है यह पेयजल योजना, जिससे यमुना पार क्षेत्र को पानी की समस्या होगी दूर, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
भूमि पूजन कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह के उत्साह से माहौल जीवंत हो उठा। प्रो. बघेल और विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना से यमुना पार क्षेत्र की सैकड़ों वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत नया वाटर वर्क्स स्थापित होगा और यमुना पार के हर मोहल्ले तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी। योजना का लाभ केवल कालिन्दी विहार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एत्मादपुर कस्बे तक भी पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जल निगम के अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारीगण, भाजपा मंडल अध्यक्षगण, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी इस अवसर के साक्षी बने। भूमि पूजन स्थल पर लोगों ने ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच हर्षोल्लास प्रकट किया। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह के साथ ही उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री एके शर्मा का आभार व्यक्त किया जिनकी स्वीकृति से यह परियोजना मूर्त रूप ले रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना था कि पेयजल की समस्या उनके जीवन की सबसे बड़ी चुनौती रही है। गर्मी के मौसम में तो स्थिति और विकट हो जाती थी, लेकिन अब आशा है कि यह परियोजना जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी।