बार-बार चुनाव लोकतंत्र की ऊर्जा को क्षीण करते हैं: धर्मपाल
आगरा। बार-बार होने वाले चुनाव देश की आर्थिक नीतियों, प्रशासनिक दक्षता और विकास की गति को बाधित करते हैं। इनसे न केवल धन और समय की बर्बादी होती है, बल्कि देश की ऊर्जा का बिखराव भी होता है। विकसित भारत के निर्माण की दिशा में यह सबसे बड़ी बाधा है। अब समय आ गया है कि देश में 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' की व्यवस्था को लागू कर लोकतंत्र को अधिक सक्षम और प्रभावी बनाया जाए।
-शिवाजी मंडपम में ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ पर संगोष्ठी, विपक्ष को बताया विकास में रोड़ा
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को खंदारी स्थित शिवाजी मंडपम में आयोजित परिचर्चा में कही। कार्यक्रम का आयोजन "एक राष्ट्र-एक चुनाव" विषय पर आम जन की समझ और समर्थन बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था।
400 से अधिक चुनावों का बोझ, संसाधनों की बर्बादी
धर्मपाल सिंह ने कहा कि 1947 से अब तक देश में 400 से अधिक चुनाव हो चुके हैं। हर वर्ष किसी न किसी राज्य में आचार संहिता लागू रहती है, जिससे विकास कार्य बाधित होते हैं। उन्होंने कहा कि हर चुनाव के लिए नयी वोटर लिस्ट, नयी व्यवस्थाएं, और लाखों कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। यदि यह मानव संसाधन राष्ट्र निर्माण में लगे, तो भारत जल्द ही विकसित राष्ट्र बन सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि जब 1967 तक लोकसभा और विधानसभा चुनाव एकसाथ हो सकते थे, तो अब यह असंभव क्यों है? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिशा में पहल करते हुए एक हाईलेवल कमेटी गठित की, जिसकी अध्यक्षता पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने की और यह कमेटी अपनी रिपोर्ट दे चुकी है।
चर्चा को जन-आंदोलन बनाएं
धर्मपाल सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ‘एक देश-एक चुनाव’ विषय पर कॉलेज, बाजार, गांव, गली हर स्तर पर जन संवाद करें। उन्होंने कहा कि यह विषय अब संसद से जनता के बीच लाया गया है और जनमत से ही इसे लोकतांत्रिक रूप मिलेगा।
प्रमुख जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी
वन नेशन वन इलेक्शन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. अम्बेडकर विवि की कुलपति आशु रानी, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबीता चौहान, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी संतोष सिंह, नवल तिवारी, डॉक्टर तरुण सिंघल, एफमेक के अध्यक्ष पूरन डावर, टीएन अग्रवाल, डॉक्टर तरुण शर्मा, राहुल राज, नेशनल चैंबर से संजय गोयल, भोज कुमार शर्मा, सराफा बाजार अध्यक्ष नीतेश अग्रवाल, डॉक्टर पार्थ सारथी शर्मा, सुनील जैन, दिनेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, नीरज गुप्ता,हेमंत भोजवानी, रोहित कत्याल, यादवेंद्र शर्मा, रश्मि सिंह, निधि शर्मा, अनुपम शर्मा, आशा अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।