आगरा के गोकुलपुरा गणगौर मेले का भव्य शोभायात्रा के साथ समापन, सांस्कृतिक संध्या और भस्मासुर दहन भी हुआ

आगरा। गोकुलपुरा का ऐतिहासिक गणगौर मेला अपने द्वितीय दिवस पर भक्ति, परंपरा और उल्लास की अद्भुत छटा बिखेरते हुए भव्यता के साथ संपन्न हो गया। देर रात निकली विशाल शोभायात्रा, मनमोहक सांस्कृतिक संध्या और पारंपरिक भस्मासुर दहन के साथ दो दिवसीय इस आयोजन का गरिमामय समापन हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को आस्था के रंग में रंग दिया।

Mar 22, 2026 - 22:07
 0
आगरा के गोकुलपुरा गणगौर मेले का भव्य शोभायात्रा के साथ समापन, सांस्कृतिक संध्या और भस्मासुर दहन भी हुआ
गोकुलपुरा के गणगौर मेला में उमड़ी भारी भीड़ की एक झलक।

द्वितीय दिवस के कार्यक्रमों का शुभारंभ भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान गौरा-ईसर के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। राजकुमार गुप्ता ने कहा कि यह मेला केवल उत्सव नहीं, बल्कि सनातन परंपराओं की जीवंत विरासत है, जो पीढ़ियों को जोड़ने का कार्य कर रही है।

रात्रि में निकाली गई शोभायात्रा में सजे-धजे ईसर-गौरा के 32 जोड़े मुख्य आकर्षण बने रहे। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने सिर पर इन जोड़ों को धारण कर श्रद्धा का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया। शोभायात्रा गोकुलपुरा, कंसगेट, अशोक नगर, राजा मंडी और मंशा देवी क्षेत्र की गलियों से होकर निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।

सांस्कृतिक संध्या में भजन-कीर्तन, लोकगीत, नृत्य और विविध प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने ब्रज संस्कृति और गणगौर पर्व की महिमा को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। रात्रि में पारंपरिक भस्मासुर दहन का आयोजन भी हुआ, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

मेला कमेटी के अध्यक्ष मनीष वर्मा और महामंत्री नरेंद्र वर्मा ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मेला आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक इसी भव्यता के साथ पहुंचाया जाएगा।

मेला प्रभारी ललित शर्मा के अनुसार दोनों दिनों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। 300 से अधिक स्टॉल, झूले, रोशनी और सजावट ने पूरे क्षेत्र को उत्सव में बदल दिया। हर गली और घर के बाहर सजे गौरा-पार्वती के स्वरूपों ने मेले की भव्यता को और बढ़ा दिया।

आयोजन की व्यवस्था में मुख्य संरक्षक पंडित दिनेश चंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष गोविंद वर्मा, संयोजक नरेश करेरा, संरक्षक महेश चंद्र शर्मा, रमेश चंद्र वर्मा, सहसंयोजक ओमप्रकाश वर्मा, उपाध्यक्ष राजीव वर्मा, विष्णु वर्मा, प्रदीप गुप्ता, दीपक वर्मा, विजय वर्मा, गिरीश वर्मा, मंत्री विशाल वर्मा, गोपाल वर्मा, शुभम वर्मा, अनिल यादव, सहमंत्री अभिषेक जैन, पंकज यादव, नीरज वर्मा, गौरव शर्मा, राकेश वर्मा, अंकित वर्मा, राहुल वर्मा, मीडिया प्रभारी अमन वर्मा, रवि वर्मा, दीपक वर्मा, गौरव वर्मा, राज वर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

SP_Singh AURGURU Editor