यमुना एक्सप्रेस वे पर कार में मिले 12 किलो से अधिक वजन के स्वर्ण आभूषण
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जाबरा टोल प्लाजा पर बीती रात मांट पुलिस ने चेकिंग के दौरान दिल्ली से बिहार जा रही एक लग्जरी कार से 12 किलो से अधिक सोने के आभूषण बरामद किये हैं। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है। बरामद सोने के आभूषण की कीमत छह करोड़ रूपये बतायी जा रही है।
- दिल्ली से बिहार जा रही लग्जरी कार से ले जाए जा रहे थे छह करोड़ से अधिक कीमत के सोने के आभूषण
बीती रात मांट पुलिस आबकारी विभाग की टीम के साथ यमुना एक्सप्रेस वे के जेवर टोल प्लाजा पर चेकिंग कर रही थी। नोएडा की तरफ से आ रही एक लग्जरी कार ऐंडीवर नंबर यूपी 32 एलए 0033 को रोका गया। उसमें कुछ संदिग्ध पैकेट रखे हुए थे। जब उन्हें खोला तो सोने के आभूषण मिले। पुलिस ने कार चालक विवेक गुप्ता निवासी सकरपुर दिल्ली और रमेश निवासी सिवान, बिहार से सोने के बारे में जानकारी की तो वह कुछ भी नहीं बता सके।
पुलिस ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। मौके पर सीओ गुंजन सिंह पहुंचीं और पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उसके बाद जीएसटी, आयकर सहित अन्य विभागों की टीमों को जांच के लिए बुलाया गया। मांट थाना प्रभारी निरीक्षक रजित वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कार से बरामद किए गए स्वर्ण आभूषणों 16 नगों में बताए गए हैं, जिनका कुल वजन 12.387 किलो है।
उन्होंने बताया कि सोने के आभूषणों को देवरिया, बिहार ले जाया जा रहा था। इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है। फिलहाल वाहन व सोने के आभूषणों को जब्त कर लिया गया है। बरामदगी करने वाली टीम में असिस्टेंट कमिश्नर सचल दल आगरा करतार सिंह, मांट थाने के प्रभारी राजीव वर्मा, आबकारी निरीक्षक गौरव मिश्रा, एसआई भुवनेश कुमार दीक्षित एवं अन्य शामिल थे।