आगरा में गुरु नानक देव चौक पर स्थापित श्री खंडा साहिब का लोकार्पण, महापौर ने किया उद्घाटन
आगरा। शहर का लोहामंडी चौराहा (श्री गुरु नानक देव चौक) अब आस्था और एकता का नया प्रतीक बन गया है। नगर निगम द्वारा स्थापित श्री खंडा साहिब का लोकार्पण शुक्रवार को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने किया। ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दुःख निवारण साहिब से जुड़ा यह स्थल सिख परंपरा और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं की स्मृति को समर्पित है।
गुरुद्वारा श्री दुःख निवारण साहिब लोहामंडी से जुड़ा यह चौराहा ऐतिहासिक रूप से वह स्थान माना जाता है, जहां श्री गुरु नानक देव जी के चरण पड़े थे। इसी पावन स्मृति में नगर निगम ने हाल ही में इसका नाम श्री गुरु नानक देव चौक रखा था। उसी श्रृंखला में शुक्रवार को यहां श्री खंडा साहिब की प्रतिष्ठा कर लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि नगर निगम केवल शहर के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी धर्मों के महापुरुषों की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भी कृतसंकल्प है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि नगर निगम के साथ मिलकर इस धार्मिक धरोहर की संरक्षा और स्वच्छता बनाए रखें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुख्य ग्रंथी टीटू सिंह ने की। संचालन भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र महामंत्री बंटी ग्रोवर ने किया। वहीं वीर महेन्द्र पाल सिंह ने आभार व्यक्त किया।
श्री गुरु नानक देव चौक बाजार कमेटी के पदाधिकारी जसवीर सिंह अरोरा ने महापौर हेमलता दिवाकर, पार्षद शरद चौहान, भाजपा पार्षद दल के सचेतक हेमंत प्रजापति, पार्षद अमित पटेल एवं विक्रांत कुशवाह का स्वागत किया।
इस अवसर पर सतपाल सिंह बत्रा, गुरमुख व्यानि, नरेश दीवान, राजीव अरोरा, संतोष अग्रवाल, वासु भाई, रूप दीवान, दीपक अग्रवाल, मोहन गोयल, आशीष गोयल, कृष्णा यादव, गुरमीत सिंह, रिक्की नारंग और गुरनाम सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।