पहले टेस्ट में भारत की जीत पक्की, बैकफुट पर श्रीलंका, चौथे दिन 84 पर चार विकेट श्रीलंका नेे गंवाए
भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चार दिन का खेल खत्म हो चुका है। अब टीम इंडिया को सीरीज में 1-0 की बढ़त लेने के लिए सिर्फ 6 विकेट की जरूरत है।
गॉल। भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे दो मैच की सीरीज पहले मुकाबले में चार दिन का खेल पूरा हो चुका है। इस मैच में पहले दिन से दबदबा बनाने वाली भारतीय टीम सीरीज में 1-0 की बढ़त लेने से सिर्फ 6 विकेट दूर है। मैच के चौथे दिन भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 193 रन बनाए और श्रीलंका को इस विकेट पर जीत के लिए एक नामुनकिन सा दिखने वाला 372 रन का टारगेट दिया। दिन खत्म होने से पहले श्रीलंका के 4 बल्लेबाज आउट हो चुके हैं और उसका स्कोर 84 रन है। श्रीलंका अभी भी भारत से 288 रन पीछे है।
372 रन के मुश्किल टारगेट का पीछा करने आई लंकाई टीम को शुरू से ही भारतीय गेंदबाजों ने बांधकर रख दिया। मोहम्मद सिराज ने पारी के छठे ओवर में निशान मदुष्का को 6 रन बनाने के बाद आउट कर दिया। इसके बाद इस मैच में बतौर कनकशन सब्स्टीट्यूट उतरे पाशिंदू सूरियाबंदारा मानव सुथार की पहली ही गेंद पर आउट होकर चलते बने। श्रीलंका को 21 रन के स्कोर पर कमिंदु मेंडिस (2) और और फिर 47 रन के स्कोर पर लहिरू उडारा (16) के रूप में दो झटके और लगे। भारत की ओर से मानव सुथार को 2 विकेट मिले। वहीं 1-1 विकेट प्रसिद्ध कृष्णा और सिराज को मिला।
इससे पहले अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाकर श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। पहली पारी में 174 रन की बढ़त लेने वाली भारत की दूसरी पारी 48.5 ओवर में सिमटी। भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम सोमवार को 284 रन पर सिमट गई थी।
भारतीय पारी खत्म होते ही बारिश शुरू हो गई जिससे टी ब्रेक समय से पहले ले लिया गया। भारतीय टीम ने दूसरी पारी में आक्रामक रुख अपनाया और ऐसा स्कोर खड़ा करने की कोशिश की, जिसे श्रीलंका के लिए हासिल करना मुश्किल हो। ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल ने 35 और देवदत्त पडिक्कल ने 44 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। लंच तक भारत का स्कोर चार विकेट पर 116 रन था।
इसके बाद ऋषभ पंत ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने 69 गेंदों में 66 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे। इस दौरान पंत टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बन गए। साथ ही वह दुनिया में सबसे कम पारियों में इस मुकाम तक पहुंचने वाले बल्लेबाज भी बने। भारत को पारी की शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा, जब यशस्वी जायसवाल पहले ओवर की तीसरी गेंद पर खाता खोले बिना असिथा फर्नांडो की गेंद पर आउट हो गए।
राहुल और पडिक्कल ने शुरुआती स्विंग और सीम का डटकर सामना करते हुए पारी को संभाला। राहुल आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज थे जबकि शुभमन गिल महज आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दोनों विकेट प्रभात जयसूर्या ने झटके। जयसूर्या ने 43 रन देकर तीन विकेट हासिल किए जबकि असिता फर्नांडो ने चार विकेट चटकाए।