भारतीय क्रिकेट टीम लीड्स पहुंची, टीम को दुरुस्त कर रहे गिल
लंदन। भारतीय टीम लीड्स पहुंच गई है, जहां उसे इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेलना है। तैयारियों के मद्देनजर टीम इंडिया 6 जून को ही इंग्लैंड रवाना हो गई थी। जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा समेत पूरी टीम इंडिया एयरपोर्ट पर एकसाथ दिखी। भारत-इंग्लैंड पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स के हेडिंग्ली क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाना है।
जब बीसीसीआई ने इंग्लैंड टूर के लिए भारतीय स्क्वाड की घोषणा की, तब उसमें हर्षित राणा शामिल नहीं थे। मगर अब लीड्स में हर्षित राणा को भी टीम इंडिया के साथ देखा गया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार इंडिया-ए टीम के लिए खेले कई खिलाड़ियों को भारत वापस भेज दिया गया था, लेकिन हर्षित को इंग्लैंड में ही रुकने के लिए कहा गया था।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट 20 जून से शुरू होगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया 6 जून से लगातार इंग्लैंड में अभ्यास करके अपनी तैयारियों को दुरुस्त करने का प्रयास कर रही है। अब पहला टेस्ट शुरू होने से पहले भारत के दिग्गज खिलाड़ी रवि शास्त्री का बयान सामने आया है। उन्होंने पहले टेस्ट के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन प्रिडिक्शन की है। उन्होंने अपनी टीम में नितीश कुमार रेड्डी और कुलदीप यादव को स्थान नहीं दिया है।
आईसीसी के एक शो पर चर्चा करते हुए रवि शास्त्री ने कहा कि केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल को ओपनिंग करनी चाहिए। उन्होंने केएल राहुल की तारीफ की और उस तथ्य का भी जिक्र किया कि राहुल ने 2021 के इंग्लैंड टूर पर लॉर्ड्स मैदान पर शतक लगाया था। तीसरे स्थान के लिए रवि शास्त्री ने साई सुदर्शन को मौका देने की बात कही, जिन्होंने अभी तक अपना टेस्ट डेब्यू नहीं किया है।
विराट कोहली की टेस्ट रिटायरमेंट के कारण टेस्ट टीम में चौथा बल्लेबाजी क्रम खाली हो गया है। रवि शास्त्री ने कप्तान गिल को नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने की सलाह दी। गिल ने अभी तक टेस्ट में सिर्फ ओपनिंग और नंबर-3 पर हाथ आजमाए हैं, जहां उनके आंकड़े बहुत खास नहीं रहे हैं। शास्त्री के मुताबिक मिडिल ऑर्डर में पांचवें स्थान पर करुण नायर को मौका मिलना चाहिए, जिन्हें काउंटी क्रिकेट में भी अच्छा खासा अनुभव है। वहीं ऋषभ पंत को विकेटकीपिंग के साथ-साथ छठे क्रम पर बैटिंग करनी चाहिए।