भारत की शेर जैसी गरिमा को नई ऊंचाई: एपी सिंह बने लायंस इंटरनेशनल के चौथे भारतीय अध्यक्ष
नई दिल्ली /ऒरलैंडो। भारतवासियों के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है कि कोलकाता निवासी लायन ए.पी. सिंह को लायंस इंटरनेशनल का अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। वे इस पद को सुशोभित करने वाले भारत के चौथे प्रतिनिधि हैं।

इससे पूर्व भारत के तीन दिग्गज- लायन रोहित मेहता, लायन अशोक मेहता, और लायन नरेश अग्रवाल यह शीर्ष पद संभाल चुके हैं। यह उपलब्धि न केवल लायंस समुदाय बल्कि सम्पूर्ण भारतीय समाज के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
ऑरलैंडो में हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह
17 जुलाई 2025 को अमेरिका के ऑरलैंडो शहर में आयोजित एक भव्य समारोह में लायन ए.पी. सिंह ने अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ ली। समारोह में विश्व भर से लायंस प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जैसे ही सिंह ने शपथ ली, सभागार भारत माता की जय और तालियों की गूंज से गूंज उठा। यह दृश्य भारतीय नेतृत्व की वैश्विक स्वीकृति और सम्मान का प्रमाण था।
ओजस्वी वक्ता, प्रेरणादायक नेतृत्व
लायन ए.पी. सिंह अपने प्रेरणादायक भाषणों और ऊर्जावान मंच संचालन के लिए विख्यात हैं। ऑरलैंडो में उन्होंने अपने संबोधन में सेवा, समर्पण और मानवता के मूल मंत्र को दोहराते हुए लायंस आंदोलन को नई दिशा देने की बात कही। उनका भाषण ना केवल प्रेरणादायक था बल्कि नेतृत्व के प्रति उनकी गंभीर दृष्टि को भी स्पष्ट कर रहा था।
चार दशकों से सेवा पथ पर अग्रसर
लायन ए.पी. सिंह ने 1984 में लायंस क्लब से सेवा यात्रा प्रारंभ की। वे पेशे से एक अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। उन्होंने संगठन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, काउंसिल चेयरपर्सन जैसे अनेक उत्तरदायी पदों पर कार्य किया है।
उनका योगदान कैम्पेन साइट फर्स्ट II और नेशनल साइट फर्स्ट कमेटी ऑफ इंडिया में भी उल्लेखनीय रहा है, जहां उन्होंने दृष्टिहीनता उन्मूलन और नेत्र चिकित्सा सेवा में नेतृत्व दिया।
वैश्विक मंच पर भारत का जयघोष
शपथ ग्रहण अवसर पर भारत से आगरा निवासी क्लब के संवैधानिक क्षेत्र के लीडर और पास्ट इंटरनेशनल डाइरेक्टर लायन जितेन्द्र सिंह चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा- मैं सम्पूर्ण भारत और मल्टिपल की ओर से लायन ए.पी. सिंह को हार्दिक बधाई देता हूँ। यह सम्मान न केवल लायंस मूवमेंट बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए गौरव की बात है।
15 लाख सदस्यों का लक्ष्य, भारत की भूमिका महत्वपूर्ण
वर्तमान में लायंस इंटरनेशनल विश्व के 200 से अधिक देशों में कार्यरत है और इसके पास 13.75 लाख सदस्य हैं। लायन जितेन्द्र सिंह चौहान ने यह भी साझा किया कि संगठन का लक्ष्य है कि 2027 तक सदस्य संख्या को 15 लाख तक पहुंचाया जाए, और इसमें भारत प्रमुख भूमिका निभाएगा।
Bottom of Form