शादी की जिद ने छीन ली दो जिंदगियां: परिवार के विरोध से टूटे प्रेमी-युगल ने खेत में खाया जहर, दोनों की मौत, रिश्तेदारी बनी प्रेम की राह में दीवार
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में प्रेम संबंध को परिवार की मंजूरी न मिलने का दर्दनाक अंत सामने आया है। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के मकरंदापुर गांव में शादी की जिद पर अड़े प्रेमी-युगल ने खेत में जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और रिश्तेदारी होने के कारण परिजन इस विवाह के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
खेत में बेहोश मिले दोनों, युवती की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 3:34 बजे पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरबी-0165) को सूचना मिली कि मकरंदापुर गांव में लालाराम जाटव के खेत में दो लोगों ने जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां आटा मांडा गांव निवासी 19 वर्षीय मेधा और मकरंदापुर निवासी 20 वर्षीय रिंकू बेहोशी की हालत में पड़े मिले। मेधा की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी, जबकि रिंकू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
निजी अस्पताल में भी नहीं बच सकी युवक की जान
गंभीर हालत को देखते हुए रिंकू के परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। शनिवार देर शाम उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पांच महीने से चल रहा था प्रेम संबंध
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक ही समुदाय से थे और पिछले करीब पांच महीने से उनके बीच प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन रिश्तेदारी के कारण परिवार इस संबंध का लगातार विरोध कर रहा था। इसी तनाव के चलते दोनों मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे हैं।
साथ नहीं चल सकते तो साथ मर जाते हैं
मृतक रिंकू के भाई बंटी ने बताया कि मेधा उसके भाई के साढू की बेटी थी। परिवार वालों को प्रेम संबंध की जानकारी मिलने के बाद युवती के साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल भी छीन लिया गया था। इसके बाद मेधा रिंकू के पास पहुंची और कहा कि यदि वह उसे अपने साथ नहीं ले जा सकता तो दोनों एक साथ जहर खाकर जान दे देते हैं। इसके बाद दोनों ने खेत में जहरीला पदार्थ खा लिया।
प्रेम संबंध और रिश्तेदारी के पहलू की जांच
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दोनों रिश्तेदारी में जुड़े हुए थे। कुछ स्थानीय लोगों ने युवक को रिश्ते में युवती का मौसा बताया है। पुलिस इस तथ्य सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।
एसपी बोले- सभी बिंदुओं पर हो रही जांच
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। युवती की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी, जबकि युवक की उपचार के दौरान मौत हुई। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट एवं पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।