कतर और इराक में अमेरिकी एयरबेस पर ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जंग का दायरा और बढ़ा
वॉशिंगटन/तेहरान/कतर। ईरान और इजराइल के बीच चल रही जंग अब सीधे अमेरिका से भी टकरा गई है। सोमवार शाम को ईरान ने कतर स्थित अमेरिकी एयरबेस अल उदैद पर छह बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इराक स्थित अमेरिकी बेस पर भी ईरान द्वारा मिसाइलें दागे जाने की खबर है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका ने पहले ही ईरान की परमाणु साइट्स पर हमला कर उन्हें नष्ट करने का दावा किया था। ईरान के हमले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस स्थित सिचुएशन रूम में पहुंच गये हैं।
-इजराइल ने भी ईरान पर की एयर स्ट्राइक, अमेरिका ने रेड अलर्ट जारी किया
-राष्ट्रपति ट्रम्प व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में पहुंचे, सहयोगियों संग बैठक
ईरानी स्टेट टीवी ने पुष्टि की है कि ये मिसाइलें अमेरिका को सीधे जवाब देने के लिए दागी गई हैं। इस हमले के बाद कतर सरकार ने तत्काल प्रभाव से अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। पूरे मिडिल ईस्ट में अमेरिका ने अपने सभी सैन्य ठिकानों पर रेड अलर्ट जारी कर दिया है। सीरिया, बहरीन, कुवैत और यूएई स्थित अमेरिकी एयरबेस पर अलर्ट कर दिया गया है। वहां सायरन बज रहे हैं। अमेरिका ने ईरानी मिसाइलों को रोकने के लिए मिडिल ईस्ट स्थित अपने सैन्य अड्डों पर अपनी मिसाइल प्रणाली को भी एक्टिवेट कर दिया है।
इजराइल की भी जवाबी कार्रवाई
उधर इजराइल ने ईरान के खिलाफ बड़ा हमला किया है। इजराइली एयरफोर्स के 15 फाइटर जेट्स ने सोमवार को ईरान के अंडरग्राउंड सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें बरसाईं। इन ठिकानों में कथित रूप से ड्रोन लॉन्चिंग स्टेशन, मिसाइल स्टोरेज यूनिट और कम्युनिकेशन बंकर शामिल थे।
क्या कहा अमेरिका ने?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में बयान दिया था कि हमने ईरान की कई परमाणु साइट्स को तबाह कर दिया है। वहीं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा था, अगर ईरान ने अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमला किया तो जवाब बहुत सख्त होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि अमेरिका अब ईरान पर और हमले नहीं करेगा।
युद्ध की प्रमुख बातें
-अमेरिकी हमले के जवाब में ईरान ने कतर स्थित अमेरिकी एयरबेस अल उदैद एयरबेस पर 6 मिसाइलें दागीं।
-इसके बाद कतर ने एयरस्पेस तत्काल बंद किया।
-अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपने सैन्य ठिकानों पर रेड अलर्ट घोषित किया।
-इजराइल ने ईरान में अंडरग्राउंड बेस पर हमला किया।
-क्षेत्रीय युद्ध के व्यापक रूप लेने की आशंका बढ़ी।
क्यों है अल उदैद एयरबेस अहम?
कतर स्थित यह एयरबेस अमेरिका की सेंट्रल कमांड का मुख्यालय है, जहां से पूरे मिडिल ईस्ट में अमेरिकी हवाई अभियानों की निगरानी की जाती है। यहां हजारों अमेरिकी सैनिक और अत्याधुनिक हथियार प्रणाली मौजूद हैं।
अब तक यह युद्ध केवल ईरान और इजराइल के बीच सिमटा था, लेकिन ईरान के अमेरिकी बेस पर सीधे हमले के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि अब अमेरिका भी इस संघर्ष में प्रत्यक्ष रूप से शामिल हो गया है। यह टकराव न केवल वेस्ट एशिया बल्कि वैश्विक स्तर पर बड़ी अस्थिरता का संकेत दे रहा है।