ईरान ने अमेरिका को दिया झटका, जापान और दक्षिण कोरिया के जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति, ट्रंप की मुश्किलें बढीं
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए अंतरराष्ट्रीय सैन्य समूह बनाने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशों को तगड़ा झटका दिया है। उसने पहले ही इस समूह में शामिल होने की संभावना रखने वाले दो देशों को ऑफर देकर अपने पाले में कर लिया है। ईरान ने कहा है कि दक्षिण कोरिया और जापान के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य खुला हुआ है।
तेहरान। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए अंतरराष्ट्रीय सैन्य गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तगड़ा झटका दिया है। उसने ट्रंप के इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल होने की तैयारी में जुटे दो देशों को पहले ही ऑफर देकर मना लिया है। अब ऐसी संभावना है कि ये दोनों देश होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और ईरानी हमलों से सुरक्षित बनाने की अमेरिका की योजना में शामिल नहीं होंगे। इन दोनों देशों का नाम जापान और दक्षिण कोरिया है। वहीं, अमेरिका के नाटो सहयोगी पहले ही ट्रंप की इस योजना में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।
ईरान ने कहा है कि जापानी जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी जाएगी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार देर रात जापान के क्योडो न्यूज को बताया, “हमने जलडमरूमध्य को बंद नहीं किया है। हमारी राय में, जलडमरूमध्य खुला है। यह केवल हमारे शत्रु देशों, यानी हम पर आक्रमण करने वाले देशों के जहाजों के लिए बंद है। अन्य देशों के जहाज जलडमरूमध्य से गुजर सकते हैं।” उन्होंने कहा, “हम उनसे सुरक्षित मार्ग खोजने के लिए बातचीत कर रहे हैं। हम उन्हें सुरक्षित मार्ग प्रदान करने के लिए तैयार हैं। उन्हें बस हमसे संपर्क करना होगा और इस मार्ग के बारे में चर्चा करनी होगी।” जापान अपने कच्चे तेल के आयात का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा मध्य पूर्व से प्राप्त करता है।
इस बीच दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि दक्षिण कोरिया, ईरान समेत कई देशों के साथ करीबी बातचीत कर रहा है ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य को जल्दी से सामान्य किया जा सके। ऐसा तब हुआ जब तेहरान ने कहा कि वह जापान जाने वाले जहाजों को उस समुद्री रास्ते से गुजरने देने के लिए तैयार है जो मिडिल ईस्ट संकट के चलते लगभग बंद हो गया था। अधिकारी ने कहा, "सरकार मिडिल ईस्ट में हो रहे डेवलपमेंट पर करीब से नजर रख रही है, साथ ही अपने नागरिकों की सुरक्षा और एनर्जी ट्रांसपोर्ट रूट को सुरक्षित करने के तरीके भी ढूंढ रही है। हम ईरान समेत संबंधित देशों के साथ एक्टिव रूप से बातचीत कर रहे हैं।"
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि उनका प्रशासन ईरान के खिलाफ अपने मिलिट्री ऑपरेशन को "कम करने" पर विचार कर रहा है, साथ ही उन्होंने साउथ कोरिया, चीन, जापान और दूसरे देशों से होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित करने की जरूरी कोशिशों में शामिल होने को कहा। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान में अमेरिका अपने लक्ष्यों के 'काफी करीब' पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि अब मिडिल ईस्ट में सैन्य कार्रवाई को धीरे-धीरे कम करने पर विचार किया जा रहा है।