भाजपा का सक्रिय सदस्य बनना अब आसान नहीं, कल है अभियान का अंतिम दिन
आगरा। किसी दूसरे की मेहनत को भुनाकर सक्रिय सदस्य बन जाने की प्रक्रिया पर इस बार भाजपा ने लगाम कस दी है। अब केवल उन्हीं कार्यकर्ताओं को सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा, जिन्होंने अपने रेफरल कोड से कम से कम सौ सदस्य बनाए होंगे। 16 अक्टूबर से इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

भाजपा में सक्रिय सदस्य को ही संगठन में दायित्व दिया जाता है। इसलिए कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य बनने लिए सदस्यता अभियान में पूरे जोश के साथ जुटता है। पूर्व में यदि किसी के सदस्यों की संख्या कम रह जाती थी तो वह दूसरे के अतिरिक्त सदस्यों को जोड़कर निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लेता था।
इस बार भाजपा नेतृत्व ने पुरानी व्यवस्था में परिवर्तन कर दिया है। साथ ही पुराने सक्रिय सदस्यों को नये सिरे से सदस्यता करने के निर्देश दिए थे। इस बार सदस्यता अभियान में जुटे कार्यकर्ताओं के लिए रेफरल कोड की नई व्यवस्था बनाई गई है।
इसी रेफरल से ही सदस्य बनाने हैं। कल सदस्यता अभियान का समापन हो जाएगा। जिस सदस्य ने अपने रेफरल से 100 सदस्य बनाए होंगे, केवल उन्हीं को सक्रिय सदस्यता दी जाएगी।
ब्रज क्षेत्र के महामंत्री नागेंद्र सिकरवार ने बताया कि 16 अक्टूबर से सक्रिय सदस्य बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। हर ज़िले में बैठक कर निर्धारित प्रारूप पर सक्रिय सदस्यता के जानकारी एकत्रित की जाएगी। 30 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यों की सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुराने सक्रिय सदस्यों ने यदि अपने रेफरल कोड से निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं किया होगा, उन्हें इस बार सक्रिय सदस्यता से वंचित रहना पड़ेगा।