रेलवे का इज्जनगर मंडल दिवाली और छठ पूजा के लिए चला रहा स्पेशल ट्रेनें

-आरके सिंह- बरेली।  महापर्व दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल (बरेली) प्रशासन ने विशेष पहल की है। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से देश के प्रमुख महानगरों और नगरों के लिए छठ पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन प्रारंभ किया गया है, जिससे यात्रियों की यात्रा अब पहले से अधिक सुविधाजनक और सुगम होगी।

Oct 21, 2025 - 21:41
 0
रेलवे का इज्जनगर मंडल दिवाली और छठ पूजा के लिए चला रहा स्पेशल ट्रेनें

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों की संख्या में वृद्धि की गई है। इन ट्रेनों के संचालन से दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रा का दबाव कम होगा तथा यात्रियों को सीट उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।

उन्होंने बताया कि इज्जतनगर मंडल के विभिन्न स्टेशनों- लालकुआं से राजकोट, कोलकाता, वीरांगना लक्ष्मीबाई जं. झाँसी, प्रयागराज जं., टनकपुर से अछनेरा और काठगोदाम से मुंबई सेंट्रल के मध्य पूजा विशेष ट्रेनें चल रही हैं। ये ट्रेनें मंडल को देश के प्रमुख महानगरों जैसे कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, झांसी, राजकोट, वाराणसी, लखनऊ और प्रयागराज से सीधे जोड़ रही हैं, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सुलभ और आरामदायक रेल संपर्क मिला है।

रेल प्रशासन के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों से मार्गवर्ती स्टेशनों के यात्रियों को भी आने-जाने में अत्यधिक सुविधा हुई है। इससे क्षेत्रीय यात्रा में भीड़ कम हुई है और समयपालन में सुधार हुआ है।

प्रतिदिन 45 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित

इज्जतनगर मंडल से प्रतिदिन औसतन 45 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित की जा रही हैं, जिनमें सामान्य, द्वितीय और एसी वर्ग की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे हर वर्ग के यात्रियों को अपनी आवश्यकता के अनुसार यात्रा का विकल्प मिलता है।

मंडल में हाल ही में 46 कोचों की वृद्धि की गई है तथा 5 मेमू/डेमू रेकों का संचालन शुरू हुआ है। अब प्रत्येक रेक में पहले की तुलना में 12 कोच लगाए गए हैं, जिससे प्रतिदिन लगभग 12,000 यात्रियों की अतिरिक्त आवागमन क्षमता बढ़ी है। यह सुविधा बरेली सिटी–टनकपुर–रामनगर–मुरादाबाद–लालकुआँ सर्किट में लागू की गई है। इससे क्षेत्रीय यात्रियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

त्योहारों पर यात्रियों को राहत

प्रत्येक वर्ष दीपावली और छठ पूजा के दौरान इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग आते हैं। त्योहार न केवल धार्मिक महत्व रखते हैं, बल्कि परिवार से मिलने और सांस्कृतिक जुड़ाव का भी विशेष अवसर होते हैं। इसलिए रेलवे प्रशासन ने इस वर्ष विशेष रूप से यात्रियों की मांग को ध्यान में रखकर पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया है।

इन सेवाओं से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सीधा रेल संपर्क मिला है, साथ ही व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति प्राप्त हुई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने कहा कि इज्जतनगर मंडल अपने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि के लिए सतत प्रयत्नशील है।

SP_Singh AURGURU Editor