आगरा में राम कथा से गूंजेगा कावेरी मंदिर, तो 75 झांकियों संग निकलेगी दक्ष कन्या मां भगवती की शोभायात्रा, गणगौर महोत्सव में दिखी परम्परा की झलक
आगरा। चैत्र माह और श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शहर में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला शुरू हो गई है। एक ओर कमला नगर स्थित कावेरी मंदिर में नौ दिवसीय श्री राम कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है, वहीं दूसरी ओर 26 मार्च को दक्ष कन्या मां भगवती की भव्य शोभायात्रा 75 आकर्षक झांकियों के साथ शहरभर में आस्था का संदेश देगी।
कावेरी मंदिर में 25 मार्च से नौ दिवसीय श्री राम कथा, आमंत्रण पत्र विमोचन
कमला नगर स्थित कावेरी कुंज के कावेरी मंदिर में 25 मार्च से श्री राम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन के आमंत्रण पत्र का विमोचन समारोह रविवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि टीएन अग्रवाल (अध्यक्ष, आगरा व्यापार मंडल) ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राम कथा मानव जीवन को मर्यादा, भक्ति और आदर्शों का मार्ग दिखाती है और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का यह श्रेष्ठ माध्यम है। समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि 25 मार्च को सायं 4 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें महिलाएं पीत वस्त्र धारण कर सहभागिता करेंगी।
महामंत्री देवेन्द्र अग्रवाल के अनुसार 26 मार्च से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक कथा का आयोजन होगा। अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास पंडित श्री भगवान भैया कथा का रसपान कराएंगे। 2 अप्रैल को हवन, भंडारा, छप्पन भोग, अलौकिक श्रृंगार और भजन संध्या के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
वरिष्ठ सदस्य आरके श्रोत्रिय ने बताया कि वर्ष 2011 से मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव की परंपरा निरंतर भव्य होती जा रही है। इस अवसर पर कन्हैया भटीजा, अतुल बंसल, गिरीश कुमार गुप्ता, राम प्रकाश अग्रवाल, राकेश गर्ग, रोहित केसवानी, अनुराग अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, तुषार अग्रवाल, पार्षद हरिओम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
26 मार्च को निकलेगी दक्ष कन्या मां भगवती की भव्य शोभायात्रा, 75 झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र

शहर में 26 मार्च को निकलने वाली दक्ष कन्या मां भगवती की शोभायात्रा के बारे में बताते आयोजन समिति के पदाधिकारी और सदस्य।
चैत्र माह की महाष्टमी के पावन अवसर पर 26 मार्च को प्रजापति समाज द्वारा दक्ष कन्या मां भगवती की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा दोपहर 2 बजे नागबंद चौराहा स्थित प्रजापति देवी मंदिर से प्रारंभ होगी, जिसमें 75 से अधिक आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ शहरभर में आस्था का संदेश देंगी।
संयोजक सुनहरी लाल गोला, अध्यक्ष अशोक गोला, महामंत्री नवीन प्रजापति और उपाध्यक्ष राजेश प्रजापति ने बताया कि झांकियों में देवी-देवताओं के स्वरूपों के साथ-साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जल ही जीवन है और स्वच्छ-हरित आगरा जैसे सामाजिक संदेश भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
24 मार्च को सुबह 10 बजे दोपहिया वाहनों से आमंत्रण रैली निकाली जाएगी। शोभायात्रा का मार्ग पंचकुईयां, जीआईसी ग्राउंड, कोठी मीनाबाजार, लोहामंडी, हरी पर्वत, राजामंडी, आगरा कॉलेज, सदर भट्ठी सहित कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा और अंत में प्रजापति देवी मंदिर पर विश्राम लेगा।
शहर में करीब 80 स्थानों पर शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा, साथ ही जगह-जगह भंडारे, तोरणद्वार और शीतल जल की प्याऊ की व्यवस्था भी की जाएगी। समिति ने नगर निगम से मार्ग पर प्रकाश, सफाई और मरम्मत कार्य कराने की मांग भी की है।
इस अवसर पर श्रीचंद गोला, जयचन्द प्रजापति, डॉ. भगवान दास दक्ष, पार्षद हेमंत प्रजापति, मुन्नालाल प्रजापति, सेठ होशियार सिंह, मंजू प्रजापति, विमलेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राजसी वेशभूषा में सजे शिव-पार्वती, गणगौर महोत्सव में सजी भक्ति और परंपरा की झलक

अतिथि वन में रविवार को आयोजित गणगौर महोत्सव की एक झलक।
आगरा। श्रीराम सेवा समिति द्वारा वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में दसवां शपथ ग्रहण समारोह एवं गणगौर महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान, लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग, महंत गोपी गुरु एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
संस्थापक बॉबी अग्रवाल जौनई एवं नीतू अग्रवाल ने बताया कि गणगौर महोत्सव में भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह का उत्सव पारंपरिक रूप से मनाया गया। शिव-पार्वती एवं राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां, फूलों की होली और राजसी वेशभूषा ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया। महिलाओं को सोलह श्रृंगार का महत्व बताते हुए किट भी वितरित की गई।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रदीप गुप्ता (अध्यक्ष), देवेश अग्रवाल (महामंत्री), आयुषी अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), कुमकुम उपाध्याय (महिला मंडल अध्यक्ष) और रमा गुप्ता (महामंत्री) ने पद की शपथ ली।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद अमित ग्वाला, शेंकी जैन, राजा चौधरी, सौरभ गोयल, दीपक अग्रवाल, वीके मित्तल, शिवराम सिंघल, उमेश अग्रवाल, संदीप वर्मा, सनी राज गौतम, पिंकी द्विवेदी, अंजना वर्मा, विनीता गोयल एवं कुसुम लता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।