आगरा में खंदौली–पैंतखेड़ा–पर्वतपुर–सौरई मार्ग का 15.50 करोड़ से होगा चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने किया भूमि पूजन

आगरा। जनपद आगरा के विकास मानचित्र में एक और अहम अध्याय जुड़ गया है। खंदौली–पैंतखेड़ा–पर्वतपुर–सौरई मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य होने जा रहा है। इसके निर्माण कार्य का भूमि पूजन शनिवार को एक समारोह में हुआ। यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग 6.200 किलोमीटर लंबाई में तथा 1550.27 लाख (15.50 करोड़ से अधिक) की लागत से पूर्ण की जाएगी, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और ग्रामीण एवं शहरी इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

Jan 24, 2026 - 20:57
 0
आगरा में खंदौली–पैंतखेड़ा–पर्वतपुर–सौरई मार्ग का 15.50 करोड़ से होगा चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने किया भूमि पूजन
एत्मादपुर क्षेत्र में खंदौली-पैंतखेड़ा-पर्वतपुर-सौरई मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढीकरण कार्य का भूमि पूजन करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल। साथ मौजूद हैं क्षेत्रीय विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह।

केंद्रीय राज्य मंत्री, मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी एवं पंचायती राज मंत्रालय, प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मार्ग के निर्माण का भूमि पूजन किया। भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह एवं भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्रीय जनता को विकास की नई सौगात मिलने पर उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

यातायात, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बल

भूमि पूजन के बाद प्रो. बघेल ने कहा कि यह परियोजना न केवल आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाएगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार के अवसर और आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती प्रदान करेगी। सड़क के चौड़ीकरण से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे का विस्तार

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और डबल इंजन सरकार के प्रभावी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सड़क, पुल और बुनियादी ढांचा विकास अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहा है। खंदौली–खेड़ा–पर्वतपुर–सौरई मार्ग इसका सशक्त उदाहरण है, जो आने वाले वर्षों में क्षेत्र की प्रगति का आधार बनेगा।

SP_Singh AURGURU Editor