दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने को है किरावली पुलिस: भतीजे ने चाचा व उसके दोस्त को ठिकाने लगाया
आगरा। किरावली थाना क्षेत्र के दोहरे हत्याकांड में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच चुकी है। मृतक कृष्णपाल उर्फ केपी के भतीजे के ही हत्या का मास्टरमाइंड निकलने की जानकारी सामने आ रही है। भतीजा पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। जानकारी यह भी है कि पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश में जुटी है।
सोमवार सुबह गांव पुरामना के पास नहर किनारे दो शव मिले थे, जिनमें एक 38 वर्षीय नेत्रपाल पुत्र चंद्रभान और दूसरा कृष्णपाल उर्फ केपी पुत्र लालाराम, दोनों निवासी अरदाया, थाना अछनेरा के थे। दोनों के सिर पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान थे जबकि नेत्रपाल के हाथ-पैर बंधे मिले। पास में गुटखा, शराब, डिस्पोजल ग्लास और पानी के पाउच भी पाए गए थे, जिससे लगता है कि वारदात से पहले शराब का सेवन भी किया गया था।
पुलिस बीते कल से ही इस दोहरे हत्याकांड के खुलासे में जुट गई थी। पूछताछ में यह बात सामने आई कि कृष्णपाल उर्फ केपी का अपने ही भतीजे से जमीन को लेकर विवाद था। पुलिस ने रात में केपी के भतीजे को उठा लिया और थाने लाकर पूछताछ की तो टूट गया और सब कुछ उगल दिया।
हालांकि पुलिस ने इस घटना का अधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया है, लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि भतीजे ने ही इस दोहरे हत्याकांड को अपने कुछ साथियों के साथ अंजाम दिया। भतीजे ने ही केपी को योजना के तहत बुलाया और साथ आए दोस्त नेत्रपाल की भी हत्या कर दी गई। रविवार शाम दोनों घर से साथ निकले थे। पहले उन्हें शराब पिलाई गई और फिर मार डाला गया।
केपी के भतीजे द्वारा जुर्म कबूल किए जाने की सूचना मिलने के बाद डीसीपी और एसीपी भी किरावली थाने पहुंच रहे हैं। माना जा रहा है कि पुलिस आज ही इस मामले का अधिकारिक तौर पर खुलासा कर देगी।