लोहे के बक्से में मिला मासूम का निर्जीव शरीर; बरेली में सनसनी, हत्या की गुत्थी सुलझाने को चार टीमें गठित
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में दिल्ली–लखनऊ हाईवे किनारे झाड़ियों में पड़े एक लोहे के बक्से से दुर्गंध आने पर खुला दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। बक्सा खोलने पर पुलिस ने 8–10 साल के मासूम बच्चे का शव बरामद किया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानकर पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें गठित कर दी हैं।
हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला लोहे का बक्सा
मंगलवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर नकटिया नदी पुल के नीचे झाड़ियों में रखे एक लोहे के बक्से से तेज दुर्गंध आने राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने पहुंचकर बॉक्स खोला तो उसमें एक 8–10 वर्षीय बच्चे का शव मिला। शव की हालत देखकर प्रतीत होता है कि बच्चे की हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया है।
कई अहम सुराग मिले, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने इस संवेदनशील मामले के खुलासे के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। एसपी सिटी मानुष पारीक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से कई महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए गए हैं।
बक्से में कंबल, नमकीन और बिस्किट भी मिले
बॉक्स के अंदर से पुलिस को कंबल, और कुरकुरे, नमकीन व बिस्किट के पैकेट भी मिले हैं। इन वस्तुओं के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि मासूम को पहले लालच देकर बुलाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा।
पुलिस इस मामले को हत्या के साथ-साथ अपहरण और संभावित तांत्रिक अनुष्ठान की संभावना से भी जोड़कर जांच कर रही है। घटनास्थल की स्थिति और मिले सामान कई सवाल खड़े कर रहे हैं।
सीसीटीवी और गुमशुदगी रिपोर्टें खंगाल रही पुलिस
मासूम की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों की गुमशुदगी रिपोर्ट, हाईवे के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है ताकि बच्चे की पहचान और घटना के पीछे का सच सामने आ सके।