श्री गिरिराज जी सेवा मंडल के नंदोत्सव में झूले नन्हे कान्हा, भक्ति और उल्लास से गूंजा स्थल
आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित त्रिवेणी ग्रीन में श्री गिरिराज जी सेवा मंडल द्वारा नंद उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। पूरे परिसर में- नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की... की गूंज होती रही। श्रद्धालु बाल गोपाल की झांकी और झूले दर्शन से भावविभोर हो गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाल गोपाल का पालन झुलाकर और आरती के साथ हुआ। मुख्य संरक्षक महंत कपिल नागर, संस्थापक नितेश अग्रवाल, संस्थापक मयंक अग्रवाल और अध्यक्ष अजय सिंघल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
नंद बाबा की भूमिका में चंद्र मोहन बंसल और यशोदा के रूप में रेनू बंसल ने कान्हा के जन्म की बधाइयों से वातावरण को मंगलमय कर दिया। वृंदावन से आए कलाकारों ने श्रीकृष्ण जन्म लीला का मनमोहक मंचन किया, जिसे देखकर हर कोई कृष्णमय हो उठा।
भक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के बीच- हारे के सहारे, हे श्याम हमारे... जैसे भजनों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। इस अवसर पर महामंत्री विजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विशाल बंसल, कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र अग्रवाल, अतुल गोयल, लक्ष्मण सिंघल, विकास वर्मा, आशी अग्रवाल, शिवानी सिंघल, रुचि बंसल, अनीता अग्रवाल, कविता आदि उपस्थित रहे।