टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हुआ स्टार बल्लेबाज, साई सुदर्शन टेस्ट सीरीज से बाहर
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. टीम इंडिया इस सीरीज के लिए श्रीलंका पहुंच चुकी है. इस बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है।
लखनऊ। श्रीलंका दौरे पर गई टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। टीम इंडिया बिना साई सुदर्शन के ही श्रीलंका गई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि सुदर्शन 8 अगस्त को श्रीलंका जाएंगे। वह बेंगलुरु स्थित सीओई में रिहैब से गुजर रहे थे, लेकिन शनिवार को वह इस अहम सीरीज से बाहर हो गए।
भारत के 14 खिलाड़ी ही श्रीलंका गए थे। सुदर्शन को फिट होने के बाद श्रीलंका जाना था। भारत को 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेलना है। बताया गया था कि सुदर्शन इस मैच से पहले टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे और प्लेइंग इलेवन के लिए उपलब्ध रहेंगे। हालांकि, अब साई सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
बीसीसीआई ने अभी साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट का एलान नहीं किया है, लेकिन जल्द ही भारतीय बोर्ड सुदर्शन के रिप्लेसमेंट का एलान करेगी।
साई सुदर्शन के बाहर होने के बाद श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया- शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, आकिब नबी डार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।
भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का शेड्यूल - पहला टेस्ट: 15 से 19 अगस्त (2026), गाले इंटरनेशनल स्टेडियम, गाले, दूसरा टेस्ट: 23 से 27 अगस्त (2026) सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो।