राम मंदिर चढ़ावा मामले में एसआईटी का बड़ा कदम,  आप सांसद संजय सिंह को सबूत के लिए बुलाया

संजय सिंह ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़े कई कागजात उनके पास हैं, जिसे वो एसआईटी अध्यक्ष को सौंपेंगे।

Jun 24, 2026 - 19:32
 0
राम मंदिर चढ़ावा मामले में एसआईटी का बड़ा कदम,  आप सांसद संजय सिंह को सबूत के लिए बुलाया

लखनऊ। राम मंदिर मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को एसआईटी ने बुलाया है। गुरुवार (24 जून) को 11 बजे लखनऊ में मण्डलायुक्त कार्यालय में सबूत देने के लिए आप सांसद को बुलाया गया है। आप सांसद संजय सिंह ने अपने एक्स पोस्ट में खुद इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कल यानी 25 जून को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर में चढ़ावे की चोरी, चंदा चोरी, जमीन घोटाले से कई कागजात उनके पास हैं, जिसे वो एसआईटी के अध्यक्ष को सौंप देंगे।

अपने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए संजय सिंह ने कहा, "मैं ये जानकारी आप सब के साथ शेयर करना चाहता था कि 25 जून को 11 बजे लखनऊ मंडलायुक्त के कार्यालय पर मुझे बुलाया गया है। मैंने समय भी मांगा था। मैं कल जाकर सारी जानकारी एसआईटी को सौंपूंगा। जय हिंद, जय श्रीराम।"

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह लगातार राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं और बीजेपी की सरकार पर हमलावर हैं। हाल ही में उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के कई दस्तावेज दिखाकर इस मामले से जुड़े दावे किए थे। 

बुधवार को ही किए गए एक दूसरे एक्स पोस्ट में संजय सिंह ने कहा, "2 करोड़ की ज़मीन 18.5 करोड़ में, 3 करोड़ की ज़मीन 24 करोड़ में, 9 करोड़ की ज़मीन 55.47 करोड़ में चंपत राय ने ख़रीदी। सारे सबूत मेरे पास हैं। मुझे आज तक एसआईटी ने मिलने का समय नहीं दिया। आख़िर चंदा चोर अभी तक ट्रस्ट में कैसे हैं? ट्रस्ट मोदी ने बनाया, लूट का माल बीजेपी को पहुँचा। बीजेपी उसी पैसे से देश भर में सांसद विधायक ख़रीद रही है। यही कारण है कि मोदी जी अब तक चंदा चोरी पर ख़ामोश हैं।"

गौरतलब है कि यूपी की सरकार ने इस मामले की जांच 13 जून को तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी की टीम ने इस मामले में प्रारंभिक रिपोर्ट भी सौंप दी है और फाइनल रिपोर्ट 10-15 दिनों में आएगी।