मलिहारी कुण्ड जहां राधारानी पुष्प चयन करती थीं, विलुप्त हो चुका है

वृंदावन। बृज वृंदावन देवालय समिति की मथुरापुरी स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री दीर्घ विष्णु मंदिर में ही मासिक बैठक में वृंदावन, मथुरा, बरसाना, नन्दगांव, गोकुल एवं गोवर्धन क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों के संरक्षण पर चर्चा हुई। राधाकुण्ड के नजदीक स्थित उस मलिहारी कुण्ड से लुप्तप्रायः होने पर चिंता जताई गई जहां राधारानी पुष्प चयन किया करती थीं।

Mar 31, 2025 - 20:15
 0
मलिहारी कुण्ड जहां राधारानी पुष्प चयन करती थीं, विलुप्त हो चुका है
बृज वृंदावन देवालय समिति की बैठक में मौजूद पदाधिकारी और सदस्य।  

-बृज वृंदावन देवालय समिति ने वृंदावन, मथुरा, बरसाना, नन्दगांव, गोकुल एवं गोवर्धन क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों के संरक्षण पर चर्चा की

संगठन के अध्यक्ष आलोक कृष्ण गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंदिरों के संरक्षण, रखरखाव एवं ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। उपाध्यक्ष कान्ता नाथ चतुर्वेदी ने ब्रजभूमि के ऐतिहासिक मंदिरों की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की और इनके जीर्णोद्धार एवं संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। कुछ सदस्यों ने राधाकुण्ड के निकट स्थित मलिहारी कुण्ड के संरक्षण एवं सुरक्षा के लिए मांग उठाईl

संगठन के गोवर्धन समन्वयक महंत राम कृष्ण दास ने कहा कि मलिहारी कुण्ड का वर्णन प्राचीन ग्रंथों में मिलता है, जो कि अब लुप्त प्रायः हैl  राधा रानी यहां पर पुष्प चयन करती थींl  इसका संरक्षण अति आवश्यक हैl  वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोस्वामी कृष्णानंद भट्ट ने कहा कि इसके लिए जल्द पत्राचार आरम्भ किया जाएगा एवं जिला स्तरीय अधिकारियों से संस्था के सदस्य मिलेंगेl

सदस्यों ने विशेष रूप से वृंदावन, मथुरा, बरसाना, नन्द गांव, गोकुल एवं गोवर्धन क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए, उनके सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा एवं धार्मिक वातावरण को संरक्षित करने के लिए सुझाव दिए। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि मंदिरों की पवित्रता बनाए रखने के लिए जनसहयोग एवं प्रशासनिक स्तर पर प्रयासों की आवश्यकता है।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मंदिरों की स्थिति को सुधारने के लिए प्रशासन से भी अनुरोध किया जाएगा। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने मंदिरों के संरक्षण हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया एवं इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बैठक को उपाध्यक्ष कान्ता नाथ चतुर्वेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोस्वामी कृष्णानंद भट्ट, संगठन सचिव दीपक गोस्वामी, आर. कृष्णन स्वामी, भगवत स्वरुप शर्मा, अरुण भट्ट, हरिश्चन्द्र गोस्वामी, गोपाल कृष्ण गोस्वामी, महंत राम कृष्ण दास, भारत जोशी, बलराम गोस्वामी, लाल कृष्ण चतुर्वेदी, लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, गिर्राज गौतम आदि ने सम्बोधित कियाl  संचालन संगठन के संयुक्त सचिव जगन्नाथ पोद्दार ने किया एवं धन्यवाद लाल कृष्ण चतुर्वेदी ने किया l

SP_Singh AURGURU Editor