मार्क कार्नी बने कनाडा के प्रधानमंत्री
ओटावा। मार्क कार्नी ने आज कनाडा के प्रधानमंत्री के रूप में औपचारिक रूप से शपथ ली। इस घटनाक्रम से जस्टिन ट्रूडो के लगभग एक दशक लंबे प्रधानमंत्री कार्यकाल का अंत हो गया। ओटावा के रिड्यू हॉल में गवर्नर जनरल मैरी साइमन की ओर से कार्नी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उनके कैबिनेट सदस्यों ने भी शपथ ली।
कार्नी ने अपने नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाने के लिए रिड्यू हॉल में पहुंचने पर संवाददाताओं से कहा, ''बहुत अच्छा लग रहा है, हम बहुत लक्षित हैं।'' उन्होंने कहा, "हमारा संदेश यह है कि हम एक बहुत ही फोकस्ड सरकार हैं, हम इस समय कार्रवाई पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। मैं आगे बढ़ने के लिए तैयार हूं।"
कार्नी ने लिबरल पार्टी की लीडरशिप रेस में लगभग 86 फीसद वोट जीतकर निर्णायक जीत हासिल की थी। उनकी नियुक्ति कनाडा के लिए चुनौतीपूर्ण समय पर हुई है, क्योंकि देश अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका के साथ व्यापार तनाव का सामना कर रहा है।
ट्रंप ने कनाडाई वस्तुओं पर टैरिफ लगाया है और कनाडा को अमेरिका में एकीकृत करने का सुझाव दिया है, जिससे कनाडा ने जवाबी कदम उठाए हैं। कार्नी ने ट्रंप के साथ बातचीत करने की तत्परता व्यक्त की है, उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि कनाडा तब तक अपने टैरिफ को बनाए रखेगा जब तक कि अमेरिका कनाडा की संप्रभुता के लिए सम्मान नहीं दिखाता।
वहीं, विदाई संदेश में जस्टिन ट्रूडो ने कहा, "मुझ पर भरोसा करने के लिए, मुझे चुनौती देने के लिए और मुझे धरती पर सबसे अच्छे देश और सबसे अच्छे लोगों की सेवा करने का विशेषाधिकार देने के लिए धन्यवाद कनाडा।"