एत्माद्दौला में नकाबपोश चोरों का दुस्साहस, बुक एजेंसी से एक लाख की नकदी उड़ा ले गए
एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के मोतीबाग में नकाबपोश चोरों ने गुप्ता बुक एजेंसी का शटर तोड़कर लगभग एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
आगरा। आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में मंगलवार देर रात नकाबपोश चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मोतीबाग इलाके में स्थित करीब 20 वर्ष पुरानी गुप्ता बुक एजेंसी को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात शटर का ताला तोड़कर दुकान में दाखिल हुए चोरों ने गल्ले में रखी लगभग एक लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।
दुकान मालिक राजकुमार, निवासी मोतीबाग यमुना ब्रिज, ने बताया कि रोज की तरह वह सुबह करीब आठ बजे दुकान खोलने पहुंचे। जैसे ही शटर उठाया, ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो गल्ले का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी।
सबसे अहम बात यह रही कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो नकाबपोश चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुसते हैं, गल्ला खोलते हैं और नकदी समेटकर चंद मिनटों में फरार हो जाते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना एत्माद्दौला पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर चोरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे का कहना है कि फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।