शादी में भात चढ़ाने आए मामा-मामी पर हमला, लाइट बंद कर पीटा, छह घायल
अछनेरा के थापी गांव में शादी समारोह के दौरान दहतोरा से भात चढ़ाने आए लड़की के मामा-मामी और अन्य रिश्तेदारों के साथ मारपीट हुई। लाइट बंद कर हमला करने के आरोप में करीब छह महिला-पुरुष घायल हुए। पीड़ित पक्ष ने नकदी और मोबाइल छीनने का भी आरोप लगाया, लेकिन पुलिस जांच में यह आरोप असत्य पाए गए हैं। घायलों को सीएचसी अछनेरा भेजा गया है।
अछनेरा के थापी गांव में शादी समारोह के दौरान खूनी संघर्ष, महिलाओं और बच्चों में मची चीख-पुकार
आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र के थापी गांव में शादी समारोह के दौरान भात चढ़ाने आए रिश्तेदारों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने लाइट बंद कर मामा-मामी और उनके साथ आए बच्चों पर हमला कर दिया। मारपीट में करीब आधा दर्जन महिला-पुरुष घायल हो गए। घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई।
जानकारी के मुताबिक, थापी गांव निवासी मेघ सिंह की बेटी की शादी का समारोह चल रहा था। इस दौरान दहतोरा गांव से लड़की के ननिहाल पक्ष के लोग भात चढ़ाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने अचानक लाइट बंद कर दी और अंधेरे में मामा-मामी समेत उनके साथ आए बच्चों व अन्य रिश्तेदारों को निशाना बनाकर मारपीट की। हमले में करीब छह महिला-पुरुष घायल हो गए। शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घायलों और उनके परिजनों की चीख-पुकार से माहौल तनावपूर्ण हो गया। पीड़ित भीकम राजपूत ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनसे और एक अन्य युवक से 50 हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। हालांकि, पुलिस जांच में रुपये और मोबाइल छीनने के आरोप असत्य पाए गए हैं।
घटना के बाद घायल लोग अछनेरा थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछनेरा भेजा। थाना अछनेरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मारपीट की घटना और आरोपों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।