देह व्यापार से मुक्त कराई गई किशोरी को कस्टडी में लेने के लिए मामा और नानी ने फर्जी दस्तावेज पेश कर दिए, खुलासा होने पर दोनों के खिलाफ सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज

आगरा के सिकन्दरा क्षेत्र में देह व्यापार से जुड़े एक पुराने मामले में एक नाबालिग को बालिक बताकर मुक्त कराने की साजिश नाकाम हो गई। पिछले साल रेस्क्यू की गई एक किशोरी को बालिग साबित करने के लिए उसी के रिश्तेदारों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर सिस्टम को गुमराह करने का प्रयास किया गया। जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने पर पुलिस ने मामा और नानी के खिलाफ कूटरचना का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Mar 31, 2026 - 16:22
 0
देह व्यापार से मुक्त कराई गई किशोरी को कस्टडी में लेने के लिए मामा और नानी ने फर्जी दस्तावेज पेश कर दिए, खुलासा होने पर दोनों के खिलाफ सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज

मामला जून 2025 का है, जब देह व्यापार की सूचना मिलने पर एक स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) ने सिकन्दरा क्षेत्र में छापा मारा था। इस कार्रवाई में पुलिस की मौजूदगी में एक नाबालिक लड़की को संदिग्ध परिस्थितियों से बरामद किया गया था। रेस्क्यू के बाद किशोरी को संरक्षण में ले लिया गया था।

हाल ही बरामद किशोरी के मामा और नानी ने उसे बालिग बताते हुए कस्टडी की मांग की। इसके लिए इन्होंने शैक्षिक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए, जिनमें किशोरी की उम्र अधिक दर्शाई गई थी।

किशोरी को रेस्क्यू करने वाली टीम ने जब किशोरी को बालिग बताने वाले दस्तावेजों की गहन जांच की तो बड़ा खुलासा हुआ। प्रस्तुत किए गए शैक्षिक प्रमाणपत्र फर्जी थे और युवती की वास्तविक उम्र को छुपाने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए थे। इस खुलासे ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया।

इस खुलासे के बाद रेस्क्यू टीम की ओर से सिकंदरा थाने में किशोरी के मामा और नानी के खिलाफ तहरीर दी गई, जिसके आधार पर थाना सिकन्दरा पुलिस ने युवती के मामा और नानी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या ये लोग किशोरी को फिर से देह व्यापार के गलीच धंधे में धकेलना चाहते थे।

यह तो एक मामला सामने आया है, जिसमें केवल देह व्यापार नेटवर्क का फर्जीवाड़ा सामने आ गया है। ऐसे न जाने कितने मामले होंगे, जो सामने नहीं आ पाते। यह मामला इस बात को भी उजागर करता है किस तरह फर्जी दस्तावेजों के जरिए कानून और व्यवस्था को चुनौती दी जा रही थी। पुलिस की कार्रवाई से अब पूरे नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor