बरेली में नाबालिग छात्रा को बेहोश कर बलात्कार, कैफे सील, आरोपी शादाब गिरफ्तार

बरेली में कोचिंग से लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर बलात्कार किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहेड़ी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी है। पुलिस ने आरोपी 22 वर्षीय शादाब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं जिस कैफे में यह जघन्य अपराध हुआ, उसे सील कर दिया गया है।

Aug 31, 2025 - 12:11
 0
बरेली में नाबालिग छात्रा को बेहोश कर बलात्कार, कैफे सील, आरोपी शादाब गिरफ्तार

-आरके सिंह-

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा कोचिंग से घर लौटने के लिए ऑटो स्टैंड पर इंतजार कर रही थी। इसी दौरान छात्रा के ही गांव का रहने वाला 22 वर्षीय शादाब वहां पहुंचा, जिसे छात्रा जानती थी। उसने गांव छोड़ने का बहाना बनाकर छात्रा को बाइक पर बैठा लिया था और कैफै में ले जाकर रेप किया। 

कुछ दूर चलने के बाद भीषण गर्मी का हवाला देकर शादाब छात्रा को ट्रक यूनियन रोड स्थित कैफे क्लॉडी में ले गया। यहां उसने छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसे पीने के बाद छात्रा बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को कैफे के अंदर अस्त-व्यस्त हालत में पाया। छात्रा समझ चुकी थी कि उसकी इज्जत लूटी जा चुकी है।

पीड़िता ने तत्काल अपने परिवारीजनों को जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही घर वाले और पुलिस मौके पर पहुंचे और छात्रा को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका मेडिकल किया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 137(2) और 123 बीएनएस में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पाक्सो एक्ट सहित अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। पुलिस जांच में सामने आया कि कैफे में अलग-अलग पर्देदार केबिन बने हुए थे, जिनका इस्तेमाल आपत्तिजनक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने कैफे को सील कर दिया।

आरोपी शादाब को भी पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने आक्रोश जताते हुए कैफे संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शहर में ऐसे कई अवैध अड्डे चल रहे हैं जिन्हें तत्काल बंद कराया जाना चाहिए।

SP_Singh AURGURU Editor