अखिलेश यादव पर बरसे विधायक खंडेलवाल, बोले- दीपोत्सव का विरोध सनातन संस्कृति पर हमला

आगरा। भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दीपोत्सव और दीये जलाने की परंपरा पर की गई टिप्पणी को भारत की प्राचीन संस्कृति और सनातन परंपरा पर हमला बताया है।

Oct 19, 2025 - 19:03
 0
अखिलेश यादव पर बरसे विधायक खंडेलवाल, बोले- दीपोत्सव का विरोध सनातन संस्कृति पर हमला

श्री खंडेलवाल ने कहा कि अखिलेश यादव का यह बयान उनकी संकीर्ण मानसिकता और निकृष्ट राजनीति का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि श्रीराम और श्रीकृष्ण भारत की आत्मा हैं और स्वयं महात्मा गांधी ने रामराज्य की स्थापना का स्वप्न देखा था।

विधायक खंडेलवाल ने कहा कि दीपावली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। अखिलेश यादव द्वारा दीपोत्सव का विरोध उनके अपने पूर्वजों की परंपरा को धूल–धूसरित करने की साजिश है।
उन्होंने कहा कि यह वोट बैंक की राजनीति में सनातन संस्कृति का अपमान है, जो समाज को बांटने और भ्रम फैलाने का प्रयास है।

खंडेलवाल ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता प्राप्ति के मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने वाले अखिलेश यादव इतने नीचे गिर सकते हैं, यह कोई सोच भी नहीं सकता।
उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हर धर्म, हर वर्ग के लोगों के बीच समरसता और उत्साह का प्रतीक है। इसका विरोध भारतीय अस्मिता और संस्कृति पर कुठाराघात है।

भाजपा विधायक ने कहा कि रामराज्य की भावना भारत की आत्मा में बसती है। समाजवादी पार्टी को यह समझना चाहिए कि राम और दीपावली किसी दल या मजहब की संपत्ति नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक हैं।

SP_Singh AURGURU Editor