प्रेम विवाह के एक माह बाद वार्ड ब्वॉय का शव फंदे से लटका मिला, सिर से खून निकलने पर परिजनों ने जताया संदेह
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रेम विवाह के करीब एक माह बाद 28 वर्षीय युवक का शव रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक फैजान एक निजी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय था। उसके सिर से खून निकलने की बात सामने आने के बाद परिजनों ने घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
घटना सीबीगंज थाना क्षेत्र के नवदिया गांव की है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फैजान के रूप में हुई है। उसने करीब एक माह पहले 22 वर्षीय जास्मीन से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों परिवारों से अलग किराये के मकान में रह रहे थे।
जास्मीन ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात फैजान खाना खाने के बाद सो गया था। रविवार सुबह जब उसकी आंख खुली तो फैजान का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। उसने तत्काल मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
प्रेम विवाह से परिवार था नाराज
जास्मीन के मुताबिक, प्रेम विवाह के बाद फैजान के परिवार के कुछ सदस्य नाराज थे और उससे संबंध नहीं रख रहे थे। परिवार से दूरी के कारण फैजान तनाव में रहता था। इसी बीच रविवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला।
दूसरी ओर, फैजान के परिजनों ने पुलिस को बताया कि शव के सिर से खून निकल रहा था। इसी आधार पर उन्होंने घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
क्षेत्राधिकारी द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार फैजान दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता नोएडा में क्रेन ऑपरेटर हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।