इस्लामी कैलेंडर का पहला माह मुहर्रम, 26 को चांद दर्शन से होगा 1447 हिजरी का आगाज़
बरेली। इस्लामी कैलेंडर के पहले महीने मुहर्रम का चांद 26 जून (बुधवार) की शाम को देखा जाएगा। इसके साथ ही 1447 हिजरी सन् का आगाज़ 27 या 28 जून से होगा। दरगाह आला हज़रत के प्रवक्ता नासिर कुरैशी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यौमे आशूरा (10वीं मुहर्रम) 6 या 7 जुलाई को पड़ेगा।
नासिर कुरैशी ने अपील की कि इस पाक महीने में समाजसेवा, दान और पर्यावरण संरक्षण जैसे नेक कामों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने पौधारोपण को सुन्नत बताते हुए लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील की।
दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि पहली मुहर्रम को इस्लाम के दूसरे खलीफा हज़रत उमर फारूक रदियल्लाहु अन्हु की शहादत हुई थी। इसके अलावा, इस महीने की सबसे बड़ी घटना कर्बला है, जहां पैगंबर-ए-इस्लाम के नवासे हज़रत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों ने अन्याय के खिलाफ लड़ते हुए शहादत दी थी।
उन्होंने कहा कि मुहर्रम में रोज़ा रखें, कुरआन की तिलावत करें और नमाज़ की पाबंदी करें। इमाम हुसैन की याद में महफिलें सजाएं और लंगर का आयोजन इस तरह करें कि सम्मानपूर्वक लोगों को बैठाकर खिलाया जाए।