Video News : 'सड़क को समझते थे जुगाड़, जेसीबी आई और उठा फेंका कबाड़', वीडियो में देखें आपका हाईवे कितना चौड़ा निकला ?
आगरा। नगर निगम और एनएचएआई ने शनिवार को शहरी क्षेत्र में हाईवे के सर्विस रोड पर संयुक्त रूप से अभियान चलाया तो अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई। सड़क किनारे वाहन रिपेयरिंग सेंटरों पर खड़ी की गयीं कबाड़ कारें और ऑटो को इस दौरान जब्त कर लिया गया। अचानक की गई कार्रवाई में दुकानदारों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। हालांकि दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन पुलिस के सामने उनकी एक न चली।
शनिवार दोपहर को नगर निगम और एनएचएआई के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने संयुक्त रूप से वाटर वर्क्स से सर्विस रोड पर अभियान चालू किया। इस दौरान सर्विस रोड के किनारे मोटर मैकेनिक का काम करने वाले कुछ लोगों ने कबाड़ कारों और ऑटो को सड़क पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से खड़ा किया हुआ था। इन वाहनों के कारण वहां पर जाम की स्थिति बन रही थी।
प्रवर्तन दल ने कार्रवाई कर बुलडोजर की सहायता से तीन कबाड़ कारों और दो ऑटो को मौके से जब्त कर अपने वाहनों में लाद कर नगर निगम भेज दिया। इसके अलावा चार लोहे के बोर्ड और एक ठेल को भी जब्त किया गया। अब्बूलाला की दरगाह तक चलाये गये अभियान से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
इस दौरान अन्य अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि अभियान लगातार जारी रहेगा। अतः वे सड़कों से अपने सामान आदि को हटा लें। सुल्तानगंज की पुलिया पर हाइवे किनारे सर्विस रोड पर मिट्टी की मूर्तियां बनाने वालों को एक माह में सर्विस रोड को खाली कराने की चेतावनी दी गई है।
अभियान में नगर निगम की ओर से प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता, पशु कल्याण अधिकारी डा. अजय सिंह, जेडएसओ राजीव बालियान ने भाग लिया। इससे पूर्व नगर की ओर से खंदारी चौराहे के आसपास अभियान चलाकर 26 ठेल ढकेल दस तिरपाल और दुकानों के आगे निकाले गये चार टिनशेड हटवाये गये।
हरीपर्वत जोन में घटिया आजम खां क्षेत्र से प्लास्टिक के गिलास जब्त कर पन्द्रह सौ रुपये का जुर्माना दुकान दार से वसूला गया। देहली गेट पर बाबू गुलाराय की मूर्ति के आसपास से भी ठेल ढकेलों को हटवाया गया।