14 नवंबर को आगरा पहुंचेगा गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर निकला नगर कीर्तन

भगत गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में सतगुरु रविदास वेलफेयर सोसाइटी लुधियाना की ओर से निकाली जा रही गुरबानी मार्ग नगर कीर्तन यात्रा 14 नवंबर को आगरा के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु के ताल पहुंचेगी। संत बाबा प्रीतम सिंह जी की अगुवाई में सिख समाज यात्रा का भव्य स्वागत करेगा। वाराणसी से शुरू हुई यह यात्रा मथुरा, पलवल और सोनीपत होते हुए 19 नवंबर को अमृतसर में संपन्न होगी।

Nov 12, 2026 - 19:08
 0
14 नवंबर को आगरा पहुंचेगा गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर निकला नगर कीर्तन

वाराणसी से शुरू हुई गुरबानी मार्ग यात्रा का आगरा में होगा आगमन, गुरु के ताल पर संत बाबा प्रीतम सिंह की अगुवाई में सिख समाज करेगा स्वागत, 19 नवंबर को अमृतसर में होगा समापन

आगरा। भगत गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में निकाली जा रही विशेष गुरबानी मार्ग नगर कीर्तन यात्रा 14 नवंबर को आगरा पहुंचेगी। ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल में यात्रा के आगमन को लेकर सिख समाज में उत्साह है। संत बाबा प्रीतम सिंह जी की अगुवाई में आगरा का सिख समाज और शहरवासी नगर कीर्तन का भव्य स्वागत करेंगे। यात्रा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हजूरी और पांच प्यारों की अगुवाई में निकाली जा रही है।

समाजसेवी बंटी ग्रोवर ने बताया कि यह यात्रा सतगुरु रविदास वेलफेयर सोसाइटी, लुधियाना के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। यात्रा के संयोजक सरदार गुरुदेव सिंह हैं। इसका शुभारंभ 13 नवंबर को वाराणसी स्थित गुरुद्वारा गुरु का बाग से होगा। यहां से नगर कीर्तन भगत गुरु रविदास जी के जन्मस्थान मंदिर सीर गोवर्धनपुर और प्रयागराज होते हुए गुरुद्वारा गुमटी साहिब पहुंचेगा, जहां यात्रा का रात्रि प्रवास होगा।

उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को सुबह सात बजे गुरुद्वारा गुमटी साहिब से यात्रा आगे के लिए रवाना होगी और आगरा स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु के ताल पहुंचेगी। यहां संत बाबा प्रीतम सिंह जी के नेतृत्व में धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और सिख संगत की ओर से श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया जाएगा।

श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज हैं गुरु रविदास जी के 40 शब्द और एक श्लोक

बंटी ग्रोवर ने बताया कि भगत गुरु रविदास जी का सिख धर्म और भारतीय संत परंपरा में विशेष स्थान है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में भगत रविदास जी के 40 शब्द और एक श्लोक दर्ज हैं। उनके विचार मानवता, समानता, प्रेम, सामाजिक समरसता और भक्ति का संदेश देते हैं। इसी आध्यात्मिक विरासत और उनके तपस्थलों से लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली जा रही है। यह नगर कीर्तन उन ऐतिहासिक और धार्मिक स्थानों से होकर गुजर रहा है, जहां भगत गुरु रविदास जी ने कई वर्षों तक तप और साधना की थी। यात्रा का उद्देश्य उनकी शिक्षाओं, विचारों और आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

आगरा से मथुरा होते हुए अमृतसर पहुंचेगी यात्रा

गुरुद्वारा गुरु के ताल में स्वागत के बाद नगर कीर्तन आगरा से आगे मथुरा, पलवल और सोनीपत होते हुए अमृतसर पहुंचेगा। 19 नवंबर को अमृतसर में यात्रा का समापन होगा। इस दौरान विभिन्न शहरों में सिख संगत और धार्मिक संस्थाओं की ओर से नगर कीर्तन का स्वागत किया जाएगा।

शहीदी दिवस की तिथि 14 दिसंबर किए जाने पर जताया आभार

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के सिख समुदाय की ओर से साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के शहीदी दिवस की तिथि परिवर्तित कर 14 दिसंबर 2026 किए जाने के निर्णय पर भी हृदय से आभार व्यक्त किया गया है। सिख समाज ने इस निर्णय को अपनी भावनाओं और आग्रह का सम्मान बताते हुए इसके लिए कर्तव्यपरायणता के प्रति आभार जताया है। समाज की ओर से कहा गया कि सिख समुदाय इस निर्णय के लिए सदैव आभारी रहेगा।