180 देशों में गूंजा नवकार मंत्र: आगरा में जीटो का भव्य आयोजन, एकता और शांति का शक्तिशाली संदेश
विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर आगरा में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीटो) द्वारा आयोजित सामूहिक नवकार मंत्र पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे, जहां आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ वैश्विक एकता और विश्व शांति का संदेश दिया गया।
आगरा। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीटो) द्वारा एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरिपर्वत में प्रातः 8 बजे से 9:30 बजे तक सामूहिक नवकार मंत्र पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विश्व शांति एवं समस्त जीवों के कल्याण के लिए प्रार्थना करना रहा।
इस आध्यात्मिक पर्व का आयोजन केवल आगरा ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी हुआ, जहां 180 देशों में 9000 से अधिक स्थानों पर जैन समुदाय ने एक साथ नवकार महामंत्र का जाप किया। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अमित शाह की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया, जबकि विभिन्न राज्यों में मुख्यमंत्री एवं राज्यपालों ने भी इसमें सहभागिता की।
आगरा में आयोजित कार्यक्रम में दिगंबर और श्वेतांबर सहित जैन समाज के सभी पंथों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एकता का सशक्त संदेश दिया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि जैन समाज की एकता पूरे देश के लिए एक आदर्श है। उन्होंने जीटो आगरा द्वारा सभी पंथों को एक मंच पर लाने के प्रयास की सराहना करते हुए संस्था के शिक्षा, सेवा और समाज सशक्तिकरण के कार्यों की प्रशंसा की।
जीटो आगरा चैप्टर के अध्यक्ष योगेश जैन (पीएनसी) ने नमोकार मंत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंत्र समस्त जीवों के कल्याण का संदेश देता है और आत्मशुद्धि का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने बताया कि जीटो एक वैश्विक संगठन है, जो सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण, मूल्य आधारित शिक्षा और सामुदायिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख उद्योगपति एवं गणमान्य लोग—प्रदीप जैन (पी.एन.सी.), बिमलेश कुमार जैन (मारसन्स), एच.एल. बैनाडा, जितेन्द्र जैन, चक्रेश जैन (पी.एन.सी.), सुरेन्द्र जैन, राजकुमार जैन, सुशील जैन, अशोक जैन (कलाकृति), निर्मल मोठ्या, दिवोय बैनाडा, मनीष सुराणा, अनूप सुराणा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
लेडीज़ विंग की अध्यक्ष श्रीमती मेघना जैन, मुख्य सचिव श्रीमती तनु जैन, कोषाध्यक्ष श्रीमती शिल्पी जैन तथा यूथ विंग के अध्यक्ष अनुराग जैन, मुख्य सचिव अक्षत जैन और कोषाध्यक्ष मयंक जैन सहित जीटो के सभी पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
सामूहिक पाठ के दौरान प्रदीप जैन (पी.एन.सी.), सुरेन्द्र सोनी, राजकुमार जैन, जगदीश प्रसाद जैन, अशोक जैन और रवि जैन ने नवकार मंत्र की महिमा पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में जीटो आगरा के मुख्य सचिव नितीन जैन (मारसन्स) ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बताया कि संस्था द्वारा सेवा, शिक्षा एवं आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें जीटो श्रमण आरोग्यम, जेएटीएफ के माध्यम से आईएएस/आईपीएस/यूपीएससी प्रशिक्षण, जेईएपी द्वारा निःशुल्क शिक्षा और जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा हेतु ऋण उपलब्ध कराना शामिल है।