नये जिलाध्यक्षः खांटी भाजपाई हैं राज कुमार गुप्ता और प्रशांत पौनिया
आगरा। भारतीय जनता पार्टी ने आगरा में अपने दोनों जिलाध्यक्षों के चयन में एक ओर जहां अपने परम्परागत वैश्य वोट बैंक का ख्याल रखा है तो दूसरी ओर देहात के बड़े वोट बैंक के साथ ही पिछड़े समाज को ध्यान में रखकर जाट समाज को वरीयता दी है। भाजपा के नये महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता और जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया खांटी भाजपाई हैं। दोनों ने अब तक के राजनीतिक सफर में पार्टी में बहुत सारी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।
भाजपा के नये जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां अब तक पार्टी में बृज क्षेत्र किसान मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पौनिया ने पार्टी में निचले स्तर से यहां तक का सफर तय किया है। वे श्याम भदौरिया के जिलाध्यक्ष काल में जिला महामंत्री का दायित्व संभाल चुके हैं। महेश बघेल और जितेंद्र फौजदार की टीम में भी वे जिले के पदाधिकारी रहे। इसके अलावा युवा मोर्चा समेत निचली इकाइयों में भी दायित्व निभाए हैं।
महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता वर्तमान में महानगर भाजपा में उपाध्यक्ष पद का दायित्व संभाल रहे थे। राज कुमार गुप्ता ने भी पार्टी में विभिन्न पदों का दायित्व संभाला है और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं में उनकी गिनती होती है। राज कुमार गुप्ता के रूप में पार्टी ने आगरा में वैश्य समाज को महत्व दिया है। बता दें कि वैश्य समाज पूरी तरह भाजपा का ठोस वोट बैंक है। पार्टी कुछ दे या न दे, वैश्य समाज हमेशा भाजपा को सपोर्ट करता आया है।