ताज के शहर में शादियों का नया सपना, आगरा को अंतरराष्ट्रीय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की पहल

आगरा। ताजमहल की विरासत और ब्रज की संस्कृति को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आगरा को अंतरराष्ट्रीय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की पहल शुरू हुई है। वेडिंग प्लानर वरदान शर्मा का कहना है कि डेस्टिनेशन वेडिंग के क्षेत्र में आगरा में अपार संभावनाएं हैं और इसे जयपुर व उदयपुर की तर्ज पर विकसित किया जाए तो होटल, कैटरिंग, डेकोरेशन और ट्रांसपोर्ट सहित कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।

Oct 7, 2026 - 07:06
Oct 7, 2026 - 07:10
 0
ताज के शहर में शादियों का नया सपना, आगरा को अंतरराष्ट्रीय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की पहल

प्रसिद्ध वेडिंग प्लानर वरदान शर्मा ने कहा कि आगरा के पास ऐसी विरासत है, जो दुनिया में कहीं और नहीं है। जरूरत इस विरासत को सही तरीके से प्रस्तुत करने की है। उन्होंने कहा कि वेडिंग प्लानिंग में नई तकनीक जरूरी है, लेकिन परंपरा का संवर्धन ही आगरा की असली ताकत है। ड्रोन शो, 3डी प्रोजेक्शन, वीआर वेन्यू टूर और एआई गेस्ट मैनेजमेंट जैसी तकनीकों के साथ ब्रज की परंपरा, कन्यादान, पाणिग्रहण संस्कार, फूलों की होली और शहनाई की गूंज को भी शादियों का हिस्सा बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। उनके अनुसार विदेशी मेहमानों को लाइट-साउंड से ज्यादा भारतीय संस्कृति और आतिथ्य याद रहता है।

वरदान शर्मा।

चार सूत्रों पर टिका वेडिंग टूरिज्म का रोडमैप

आगरा को इंटरनेशनल वेडिंग हब के रूप में विकसित करने के लिए चार सूत्रीय रोडमैप सामने रखा गया है। इसके तहत ताजमहल, मेहताब बाग, आगरा फोर्ट और फतेहपुर सीकरी के व्यू वाले लग्जरी रिजॉर्ट्स को हेरिटेज वेडिंग के लिए प्रमोट करने की बात कही गई है। यमुना तट पर सनसेट वेडिंग को भी विदेशी जोड़ों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने की संभावना जताई गई है।

दूसरे सूत्र के रूप में ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ की अवधारणा पर जोर दिया गया है। इसके तहत शादी समारोहों में आगरा का पेठा, मुगलई जायका, ब्रज के लोक कलाकार, मेहंदी और चूड़ी कारीगरों को शामिल कर स्थानीय उत्पादों और हुनर को अंतरराष्ट्रीय मंच देने की योजना है।

तीसरे सूत्र में सस्टेनेबल और टेक-सेवी वेडिंग को बढ़ावा देने की बात है। पत्तल-दोने, कुल्हड़, इत्र बार और ई-इनविटेशन जैसे विकल्पों के साथ पर्यावरण अनुकूल शादियों को प्रोत्साहित करने तथा एनआरआई परिवारों के लिए लाइव स्ट्रीमिंग और वर्चुअल उपस्थिति की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

चौथे सूत्र के तहत सरकारी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया है। इसके लिए आगरा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर करने, शादी आयोजनों के लिए सिंगल विंडो परमिशन की व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय वेडिंग प्लानर्स के लिए फेम टूर आयोजित करने का सुझाव दिया गया है।

वेडिंग इंडस्ट्री से रोजगार और अर्थव्यवस्था को गति

वरदान शर्मा ने कहा कि यदि आगरा को जयपुर और उदयपुर की तरह प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाता है तो इससे होटल, कैटरिंग, डेकोरेशन और ट्रांसपोर्ट से जुड़े हजारों युवाओं को रोजगार मिल सकता है। इससे शहर की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि 25 वर्षों तक ब्रांड और इवेंट्स के क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों को सेवाएं देने के बाद वह अब आगरा में रहकर वेडिंग मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उनकी कंपनी पिछले एक दशक से वेडिंग मैनेजमेंट के क्षेत्र में सक्रिय है और इस क्षेत्र में शीर्ष वेडिंग प्लानिंग कंपनियों में अपनी पहचान बना चुकी है।

SP_Singh AURGURU Editor