अब साधारण डिग्री नहीं, टॉप मैनेजमेंट संस्थानों का टारगेट- आगरा कॉलेज ने छात्रों को दिखाया बड़ा सपना
आगरा। आगरा कॉलेज के वाणिज्य संकाय ने बी.कॉम विद्यार्थियों के लिए एक ऐसा मार्ग प्रशस्त किया, जो सीधे देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों तक जाता है। छात्रों को एमबीए के माध्यम से उज्ज्वल करियर बनाने के लिए प्रेरित करने हेतु आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में न केवल उच्च शिक्षा के अवसरों पर चर्चा हुई, बल्कि सफलता की ठोस रणनीति भी सामने रखी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम ने की, जबकि उप-प्राचार्य प्रोफेसर पी.के. झा एवं मुख्य प्रानुशासक प्रोफेसर वी.के. सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल स्नातक डिग्री पर्याप्त नहीं, बल्कि शीर्ष प्रबंधन संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करना ही सफलता की कुंजी बन चुका है।
कार्यक्रम का मुख्य फोकस देश के अग्रणी संस्थानों—आईआईएम अहमदाबाद, आईआईएम बैंगलोर, आईआईएम कलकत्ता, आईआईएम लखनऊ, आईआईएम कोझीकोड, आईआईएम इंदौर, एफएमएस दिल्ली, एक्सएलआरआई जमशेदपुर, आईएसबी हैदराबाद, एसपीजिमर मुंबई एवं आईएमएस गाजियाबाद जैसे संस्थानों से एमबीए करने के लाभ, प्रवेश प्रक्रिया और करियर संभावनाओं पर केंद्रित रहा।
विषय विशेषज्ञ नमन सेठी एवं शुभम कुमार ने छात्रों को एमबीए की उपयोगिता समझाते हुए CAT, XAT एवं CMAT जैसी प्रवेश परीक्षाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही रणनीति, नियमित अभ्यास और स्पष्ट लक्ष्य के साथ इन परीक्षाओं में सफलता पाना संभव है। साथ ही साक्षात्कार प्रक्रिया, व्यक्तित्व विकास और संचार कौशल के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि एमबीए केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल और वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट रोजगार अवसरों का द्वार है। समय रहते लक्ष्य निर्धारित कर सुनियोजित तैयारी शुरू करना ही सफलता का सबसे बड़ा मंत्र है।
इस अवसर पर वाणिज्य संकाय के प्रभारी डॉ. अश्वनी शर्मा, डॉ. आदेश कुमार तिवारी, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. सतीश निगम, डॉ. नीरज मनचंदा, डॉ. रुपेश दीक्षित, डॉ. पुनीत मिश्रा, डॉ. अनिल कुमार सिंह एवं डॉ. ज्योत्सना गौड़ सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपने करियर से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।