बरेली उपद्रव मामले में शिकंजा कसता चला जा रहा, मौलाना तौकीर रजा पर तीन और चार्जशीट दायर

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। 26 सितंबर को हुए बरेली उपद्रव के मुख्य आरोपी और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है। मंगलवार को उनके विरुद्ध तीन और मुकदमों में चार्जशीट दाखिल की गई। इस प्रकरण में दर्ज कुल 10 मुकदमों में से अब तक 7 में चार्जशीट लग चुकी है, जबकि शेष तीन मामलों की विवेचना जारी है।

Dec 17, 2025 - 13:04
Dec 17, 2025 - 13:04
 0
बरेली उपद्रव मामले में शिकंजा कसता चला जा रहा, मौलाना तौकीर रजा पर तीन और चार्जशीट दायर
सौनाना तौकीर रजा।

षड्यंत्र रचकर कराए गए उपद्रव के पुख्ता साक्ष्य

पुलिस विवेचना में सामने आया है कि मौलाना तौकीर रजा ने सुनियोजित तरीके से उपद्रव की साजिश रची। उन्होंने अपने करीबी आईएमसी महासचिव नफीस खां, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खां और मुनीर इदरीशी को भीड़ जुटाने और पुलिस पर हमला कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि उपद्रव अचानक नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित था।

पुलिस पर फायरिंग, पथराव और लूटपाट

कानपुर में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे पोस्टर विवाद की आड़ में 26 सितंबर को बरेली में हिंसा भड़काई गई। उस दिन उपद्रवियों ने शहर के पांच स्थानों पर पुलिस पर फायरिंग, पथराव और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

10 मुकदमे दर्ज, बड़ी संख्या में आरोपी जेल में

उसी रात कोतवाली में पांच, बारादरी थाने में दो, जबकि प्रेमनगर, किला और कैंट थाने में एक-एक मुकदमा दर्ज किया गया था। अगले दिन मौलाना तौकीर को गिरफ्तार कर प्रशासनिक आधार पर फतेहगढ़ जेल भेज दिया गया। बाद में नफीस खां, नदीम खां समेत 90 अन्य आरोपियों को स्थानीय जेल में निरुद्ध किया गया।

तीन थानों में नई चार्जशीट दाखिल

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इससे पहले चार मुकदमों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी थी। मंगलवार को कैंट, किला और प्रेमनगर थानों में दर्ज तीन अन्य मुकदमों में चार्जशीट कोर्ट में पेश कर दी गई है। कैंट थाना के विवेचक कृष्ण कुमार ने मौलाना तौकीर सहित 17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। प्रेमनगर थाने के इंस्पेक्टर क्राइम प्रमोद कुमार ने मौलाना तौकीर समेत 22 आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट लगाई। किला थाने के विवेचक हेमराज ने मौलाना तौकीर सहित 7 आरोपियों को आरोपी बनाया।

तीन मुकदमों की विवेचना अभी बाकी

अब भी तीन मुकदमों में चार्जशीट लगनी शेष है, जिनमें से दो मामलों की जांच क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष मामलों में भी जल्द कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor