अरे, ओमी तैनें तो कमाल कर दयौ! बाकन्दा में सीएम मोहन यादव समेत दिग्गजों का जमावड़ा

किरावली/आगरा। तहसील क्षेत्र का छोटा-सा गांव बाकन्दा रविवार को अचानक सुर्खियों में आ गया, जब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश विधानसभा स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर, अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाखन सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं का काफिला यहां पहुंचा। असल में ये सभी गांव के मूल निवासी एवं आरएसएस प्रचारक ओमप्रकाश उर्फ ओमी सिसौदिया के पिता ठाकुर जनक सिंह सिसौदिया के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करने आए थे। दिग्गज नेताओं का जमावड़ा देख ग्रामीण आश्चर्यचकित रह गए और गर्व से भर उठे कि उनका ‘ओमी’ अब राष्ट्रीय स्तर का बड़ा चेहरा बन चुका है।

Sep 21, 2025 - 20:16
 0
अरे, ओमी तैनें तो कमाल कर दयौ! बाकन्दा में सीएम मोहन यादव समेत दिग्गजों का जमावड़ा
बाकंदा गांव में पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॊ. मोहन यादव ओम प्रकाश उर्फ ओमी सिसौदिया के परिजनों के बीच।

-मध्य प्रदेश में आरएसएस के प्रचारक हैं ओम प्रकाश सिसौदिया, उनके पिता के निधन पर संवेदना प्रकट करने आए थे मुख्यमंत्री

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 36 साल पहले गांव से गये ओमप्रकाश उर्फ ओमी मौजूदा समय में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रमुख संघ प्रचारकों में गिने जाते हैं। उनके पिता ठाकुर जनक सिंह सिसौदिया (उम्र 92 वर्ष) का निधन हो गया था। इसी सिलसिले में रविवार को सीएम डॉ. मोहन यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान विधानसभा स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद शिव मंगल सिंह, आगरा से पूर्व मंत्री रामबाबू हरित, पूर्व मेयर इन्द्रजीत आर्य, पूर्व विधायक किशन गोपाल सहित तमाम नेताओं का काफिला गांव पहुंचा।

गांव के लोगों ने बताया कि उन्हें बस इतना पता था कि ओमी आरएसएस से जुड़े हुए हैं, लेकिन इस बात का अंदाजा नहीं था कि वे इतने बड़े नेता बन चुके हैं। ग्रामीणों के चेहरे पर ओमी को लेकर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। वहीं, गांव की बदहाल व्यवस्था, भीषण जलभराव, गंदगी और पेयजल की समस्या को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों ने कहा कि यदि ओमी भाई प्रदेश स्तर पर अपनी बात रखते तो बाकन्दा गांव का कायाकल्प हो सकता है।

पूर्व प्रधान हरिओम सिंह सिसौदिया, महेंद्र सिंह सिसौदिया एडवोकेट, लाखन सिंह, प्रेम सिंह, भगवान सिंह, प्रताप सिंह और महेश चंद्र सहित ग्रामीणों ने कहा कि इतने बड़े-बड़े नेताओं का गांव में कदम रखना पहली बार हुआ है। नेताओं ने शोकाकुल परिवार को ढाढस बंधाया और संवेदना प्रकट की। इस दौरान गांव का माहौल भावुक भी रहा और उत्साह से भरा हुआ भी।

SP_Singh AURGURU Editor