पाक सेना ने 104 बंधकों को छुड़ाया, 16 लड़ाकों को किया ढेर, बीएलए का दावा- 30 जवान मारे गए

पेशावर। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) नाम के ग्रुप ने कल पाकिस्तान रेलवे की जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया। इस ग्रुप ने बलूचिस्तान में 400 यात्रियों को बंधक बनाने की जिम्मेदारी ली। बलूच आर्मी ने दावा किया रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे पाकिस्तानी सेना के 30 जवान मारे जा चुके हैं.। वहीं पाक सेना की ओर से बताया गया है कि बीएलए के 16 लड़ाकों की इस ऑपरेशन में मौत हो चुकी है। सेना ने 104 बंधकों को छुड़ा लिए हैं। इनमें 15 महिलाएं और 12 बच्चे हैं।

Mar 12, 2025 - 10:32
 0
पाक सेना ने 104 बंधकों को छुड़ाया, 16 लड़ाकों को किया ढेर, बीएलए का दावा- 30 जवान मारे गए


ग्रुप ने एक बयान जारी कर दावा किया था कि उन्होंने ट्रेन पर अपना कंट्रोल कर लिया है और कहा कि छह सैन्यकर्मी मारे गए हैं, जबकि 400 यात्रियों को बंधक बना लिया गया। अलगाववादी ग्रुप ने कहा कि उसने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। यह घटना उस समय घटी जब जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी। 
पाकिस्तान के एक सीनियर पुलिस अधिकारी राणा दिलावर ने बताया कि आज सुबह तक ट्रेन घटनास्थल पर ही खड़ी है और हथियारबंद लोगों ने यात्रियों को बंधक बना रखा है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में हेलीकॉप्टर और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।

अमेरिका और पाकिस्तान दोनों ने बीएलए पर प्रतिबंध लगा रखा है और इस पर अन्य प्रांतों के निर्दोष नागरिकों की हत्या करने का भी आरोप है। बीएलए ने बयान जारी कर धमकी दी कि अगर पाकिस्तानी सुरक्षा बल कोई सैन्य अभियान शुरू करते हैं तो वे सभी बंधकों को मार देंगे, लेकिन पाक सरकार ने अपने लोगों को छुड़ाने के लिए बीएलए के खिलाफ ऑपरेशन शुरू कर दिया। 
पाकिस्तान के अधिकारियों ने बताया कि बीएलए के लड़ाकों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने के लिए छोटे-छोटे ग्रुप बन लिए, लेकिन सुरक्षा बलों ने सुरंग को घेर लिया है. जल्द ही सभी यात्रियों को बचा लिया जाएगा।

बीएलए ने ट्रेन को बंधक बनाने के बाद अपनी मांगें पाक सरकार के सामने रखते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया।  उनका कहना है कि बलूचिस्तान में पाकिस्तान की किसी भी एजेंसी या सुरक्षा एजेंसी का कोई भी नुमाइंदा वहां नहीं होना चाहिए। इसके अलावा बलूचों का मानना है कि चीन के साथ जो सीपीईसी प्रोजेक्ट चल रहे हैं, उससे  उनके खनिजों का दोहन हो रहा है। इसलिए इस प्रोजेक्ट को बंद करना चाहिए. पिछले कई सालों से बलूच आर्मी लगातार ऐसे हमले करता रहा है। बीएलए ने कभी चीनी इंजीनियर को तो कभी पाकिस्तान को राजनयिकों को निशाना बनाया।